हार्दिक पंड्या की मैदान पर वापसी तय: शुभमन गिल की फिटनेस रिपोर्ट पर नजर, साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज खेलना मुश्किल
Published:
3 min read

हार्दिक घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 (SMAT) में बड़ोदा की तरफ से खेलेंगे।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट के लिए पिछले कुछ दिनों में दो बड़ी अपडेट सामने आई हैं। एक तरफ लंबे समय से चोट से जूझ रहे हार्दिक पंड्या आखिरकार मैदान पर लौटने के लिए तैयार हैं, वहीं शुभमन गिल भी जल्द फिटनेस टेस्ट देने वाले हैं। साउथ अफ्रीका सीरीज और आने वाले T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए दोनों खिलाड़ियों का फिट होना टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
पंड्या की घरेलू क्रिकेट से वापसी की तैयारी
एशिया कप के दौरान लगी चोट के बाद हार्दिक पंड्या लगभग ढाई महीने से मैदान से बाहर थे। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज भी उन्होंने मिस कर दी। इंजरी के बाद उन्होंने 14 अक्टूबर को बेंगलुरु स्थित BCCI के Centre of Excellence (CoE) में रिपोर्ट किया, जहां उन्होंने छह हफ्ते तय रिकवरी प्लान पर मेहनत की।
30 नवंबर को टेस्ट पास किया
हार्दिक ने 30 नवंबर को Return-to-Play प्रोटोकॉल टेस्ट पास कर लिया। मेडिकल टीम ने उन्हें हर तरह की स्किल के लिए पूरी तरह फिट पाया।पहले ऐसा माना जा रहा था कि वह सीधे साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे खेलकर वापसी करेंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें अभी थोड़ा समय देने का फैसला लिया। अब हार्दिक घरेलू टी20 टूर्नामेंट Syed Mushtaq Ali Trophy (SMAT) में बड़ोदा की तरफ से खेलेंगे।
नेशनल सिलेक्टर प्रज्ञान ओझा हार्दिक पर खास नजर रखेंगे और उनकी फिटनेस व प्रदर्शन की रिपोर्ट चयन समिति को भेजेंगे। 9 दिसंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की T20I सीरीज शुरू हो रही है।
गिल की फिटनेस रिपोर्ट पर निगाहें
भारत के टेस्ट और ODI कप्तान और T20I के उप-कप्तान शुभमन गिल भी इस समय चोट से उबर रहे हैं। कोलकाता टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय उनकी गर्दन में तेज दर्द हुआ था। इस वजह से उन्हें तुरंत रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। बाद में पता चला कि चोट गंभीर है और उन्हें पूरे टेस्ट व ODI सीरीज से बाहर होना पड़ा।

1 दिसंबर को टेस्ट दिया
इलाज के दौरान गिल को इंजेक्शन दिया गया और डॉक्टरों ने 21 दिन का रिहैब प्लान बताया है। 1 दिसंबर को उन्होंने बेंगलुरु के CoE में फिटनेस टेस्ट दिया है। BCCI का साफ कहना है कि जब तक गिल बल्लेबाजी के दौरान बिल्कुल भी दर्द महसूस नहीं करते, उन्हें टीम में वापस शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए उनका साउथ अफ्रीका T20 सीरीज में खेलना पक्का नहीं है।
टीम मैनेजमेंट उम्मीद जता रहा है कि गिल जल्दी फिट होकर टीम से जुड़ेंगे। अगर फिटनेस टेस्ट में देरी होती है तो भारत को अपने मौजूदा ओपनर्स के साथ ही सीरीज खेलनी होगी।
साउथ अफ्रीका सीरीज का शेड्यूल
टी20 सीरीज
पहला मैच: 09 दिसंबर, कटक
दूसरा मैच: 11 दिसंबर, चंडीगढ़
तीसरा मैच: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा मैच: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां मैच: 19 दिसंबर, अहमदाबाद

