हार्दिक पर BCCI का एक्शन: गुस्से में बेल्स गिराने पर जुर्माना, मैच फीस का 10% काटा; एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। BCCI ने हार्दिक पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है।
दरअसल, KKR की बल्लेबाजी के दौरान 10वें ओवर में हार्दिक गेंदबाजी करने के लिए अपने रन-अप की तरफ लौट रहे थे, तभी उन्होंने गुस्से में विकेट की बेल्स को जोर से गिरा दिया। IPL के नियमों के मुताबिक, यह मैदान के गलत इस्तेमाल में आता है। इसी वजह से उन्हें IPL कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के तहत दोषी माना गया।

हमने 20 रन कम बनाए: हार्दिक पंड्या
मुंबई इंडियंस को इस मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद मुंबई की टीम की काफी आलोचना हो रही है। वहीं KKR की टीम ने इस जीत के साथ अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी है।
मैच के बाद हार्दिक ने कहा- टीम बल्लेबाजी में लगभग 20 रन पीछे रह गई। तिलक वर्मा थोड़ी देर और क्रीज पर टिक जाते और कुछ अच्छी साझेदारी हो जाती, तो टीम बड़ा स्कोर बना सकती थी। शुरुआती ओवरों में जल्दी विकेट गिरने का नुकसान टीम को उठाना पड़ा।
मैच के बाद हार्दिक ने क्या कहा
पिच को लेकर हार्दिक ने कहा कि उन्हें ऐसी पिचें पसंद हैं, जहां गेंदबाजों को भी मदद मिले। हार्दिक के मुताबिक, IPL अब पूरी तरह बल्लेबाजों का खेल बनता जा रहा है और गेंदबाज खुद को बेबस महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मैच की विकेट पर गेंदबाजों को कुछ मदद मिली, जिससे मुकाबला ज्यादा मजेदार बना।
हार्दिक ने अपनी टीम की फील्डिंग पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने माना कि पूरे सीजन में मुंबई इंडियंस की फील्डिंग खराब रही है। टीम ने कई आसान कैच छोड़े हैं, जिसका नुकसान मैच में उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैच जीतना चाहती है तो हर छोटा-बड़ा मौका पकड़ना जरूरी होता है। कैच छोड़ने के बाद टीम हमेशा दबाव में आ जाती है।

हार्दिक ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए 9 मैचों में 172 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत करीब 21.50 रहा, जबकि उनका स्ट्राइक रेट लगभग 136 का रहा।
हार्दिक ने अगले मैच को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि आने वाला मुकाबला बच्चों के लिए खास होने वाला है और करीब 25 हजार बच्चे मैच देखने आएंगे। टीम की कोशिश रहेगी कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आए और उन्हें यादगार अनुभव मिले। हार्दिक ने कहा कि खिलाड़ी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करके बच्चों को खुश करना चाहते हैं।

