हार्दिक पंड्या ने रचा इतिहास: 100वां T20I विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, बुमराह-अर्शदीप के क्लब में एंट्री
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने इतिहास रच दिया है। वे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा रन बनाने और 100 विकेट लेने वाले पहले फास्ट बॉलर बन गए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार (14 दिसंबर) को हुए धर्मशाला मैच में यह रिकॉर्ड बनाया है।
इस मैच में पंड्या ने 3 ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया। मगर पंड्या के लिए यह ऐतिहासिक विकेट रहा। इसके साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। साथ ही जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के क्लब में शामिल हुए।
ये रिकॉर्ड के मामले में पंड्या अकेले पेसर
पंड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने हैं। इस लिस्ट में अर्शदीप (109) और बुमराह (101) ही उनसे आगे हैं। ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तानी स्पिनर राशिद खान के नाम है। उन्होंने 108 मैच में 182 विकेट लिए हैं।
इसके अलावा पंड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा रन बनाने और 100 विकेट लेने वाले वर्ल्ड के पहले फास्ट बॉलर बन गए हैं। इससे पहले 3 स्पिनर शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और सिकंदर रजा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। मगर तेज गेंदबाजों में पंड्या अकेले हैं।
टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे
भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 5 T20I की सीरीज का तीसरा मैच धर्मशाला में खेला गया। यह मैच टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। यह मैच भारतीय बॉलिंग की वजह से जीते, जिसने अफ्रीकी टीम को छोटे स्कोर पर रोका। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 13 रन देकर 2 विकेट लिए थे।
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने 118 रन का टारगेट दिया था। इसे भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर 15.5 ओवर में चेज कर लिया। ओपनर अभिषेक शर्मा ने 18 बॉल पर 35 रनों की पारी खेली। शुभमन गिल ने 28, तिलक वर्मा ने नाबाद 26, सूर्यकुमार यादव ने 12 और शिवम दुबे ने नाबाद 10 रन बनाए।

