गुवाहाटी टेस्ट की तैयारी: बंगाल के दोनों हाथों से गेंदबाजी करने वाले मिस्ट्री स्पिनर, कौशिक मैती टीम इंडिया की तैयारी में अहम फैक्टर
Published:
3 min read

टीम इंडिया ने अपनी स्पिन तैयारी को मजबूत करने के लिए बंगाल के उभरते हुए स्पिनर कौशिक मैती को नेट बॉलर के रूप में बुलाया है। कौशिक की खास बात यह है कि वो दोनों हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने अपनी स्पिन तैयारी को मजबूत करने के लिए बंगाल के उभरते हुए स्पिनर कौशिक मैती को नेट बॉलर के रूप में बुलाया है। कौशिक की खास बात यह है कि वो दोनों हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं। कोलकाता टेस्ट में साउथ अफ्रीका के स्पिनरों ने भारत को खासा परेशान किया था, उसी खतरे से निपटने के लिए कौशिक को टीम का हिस्सा बनाया गया है।
होम ग्राउंड्स पर फीका प्रदर्शन
कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 30 रनों से हरा दिया। अगर वेस्ट इंडीज वाली सीरीज को हटा दें, तो यह किसी टॉप-5 टीम के खिलाफ अपने ही घर में भारत की लगातार चौथी हार है। हैरानी की बात यह है कि ये हार उन पिचों पर आई हैं जिन्हें खास तौर पर भारत के स्पिनरों को मदद देने के लिए तैयार किया गया था।
स्पिन खेलने में पहले वाली बात नहीं रही
टीम इंडिया के बल्लेबाज पहले जितने अच्छे स्पिन खेलते थे। अब उतने अच्छा नहीं रह गए हैं। ऊपर से DRS ने भी खेल को बदल दिया है, जिससे बल्लेबाजों पर और दबाव बढ़ जाता है।
कोलकाता टेस्ट में साउथ अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर और केशव महाराज ने भारतीय टीम को काफी परेशान किया।

कौन हैं कौशिक
कौशिक मइति 26 साल के हैं। उनकी सबसे खास बात यह है कि वे दोनों हाथों से बॉलिंग कर सकते हैं। यानी वे दाएं हाथ से भी ऑफ-स्पिन कर सकते हैं और बाएं हाथ से भी ऑफ-स्पिन कर सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में ऐसा बहुत कम खिलाड़ी करते हैं। वह फिंगर स्पिनर हैं। इसलिए दोनों हाथों से घुमाव वाली गेंद फेंकने में माहिर हैं।
नेट्स में खास रोल
भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए कौशिक ने दाएं हाथ की ऑफ-स्पिन की, ताकि वे साइमन हार्मर जैसी गेंदबाजी के लिए तैयार हो सके।वहीं दाएं हाथ के बैट्समैन को तैयार करने के लिए उन्होंने बाएं हाथ से ऑफ-स्पिन फेंकी, बिल्कुल केशव महाराज की तरह।

11 व्हाइट-बॉल मैच खेले हैं
कौशिक ने बंगाल के लिए सिर्फ 11 व्हाइट बॉल मैच खेले हैं। इसमे 8 लिस्ट-ए मैच शामिल हैं। उनके नाम 10 विकेट हैं। असली पहचान उन्हें 2025 के बंगाल प्रो टी20 लीग से मिली। जहां उन्होंने अपनी दोनों हाथों से बॉलिंग की काबिलियत दिखाई।

क्लार्क ने तारीफ की
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क जो उस टूर्नामेंट में कमेंट्री कर रहे थे, उन्होंने कौशिक की खूब तारीफ की। क्लार्क ने कहा- तुम IPL जरूर खेलोगे, इसमें कोई शक नहीं। दोनों हाथों से गेंदबाजी कर पाना कमाल है। कौशिक न सिर्फ गेंद से बल्कि बैंटिग से भी अच्छा योगदान देते हैं। वह ऑलराउंडर हैं।

गुवाहाटी जीत जरुरी
दूसरा टेस्ट भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतती है तो सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होगी। साउथ अफ्रीका जीती तो 2-0 से क्लीन स्वीप करेगी। दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

