IPL फाइनल के बाद गुजरात टाइटंस की बस में आग: खिलाड़ियों को फौरन बाहर निकाला गया, एक घंटे सड़क पर बैठी रही टीम
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2026 फाइनल में हार के कुछ ही घंटे बाद गुजरात टाइटंस के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौट रही टीम की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके बाद बस से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई खिलाड़ी या टीम सदस्य घायल नहीं हुआ। हालांकि, फाइनल हारने के बाद यह गुजरात टाइटंस के लिए एक और बड़ा झटका साबित हुआ।
स्टेडियम से होटल लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक IPL फाइनल खत्म होने के बाद गुजरात टाइटंस की टीम बस अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस में तकनीकी खराबी आई और शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं फैलने लगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस को तुरंत रोका गया। टीम मैनेजमेंट और लोकल अफसरों ने खिलाड़ियों को बिना किसी देरी के बस से बाहर निकाला। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल फॉल्ट और शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
सड़क पर इंतजार करते रहे खिलाड़ी
बस से उतरने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ कुछ समय तक सड़क किनारे इंतजार करते रहे। टीम को करीब एक घंटे तक दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। बाद में दूसरी बस की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल पहुंचाया गया। घटना के दौरान बस के अंदर धुआं जरूर फैल गया था, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
अब हादसे की जांच होगी
बस में शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटना के बाद टेक्निकल जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जाएगा कि बस में खराबी कैसे आई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। फिलहाल गुजरात टाइटंस की ओर से राहत की बात यही है कि सभी खिलाड़ी और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
फाइनल में मिली हार
इस हादसे से पहले गुजरात टाइटंस को IPL 2026 फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 155 रन ही बना सकी थी। इसके बाद RCB ने टारगेट हासिल कर ट्रॉफी जीत ली। फाइनल में हार के बाद टीम पहले ही निराश थी और बस हादसे ने खिलाड़ियों की परेशानी और बढ़ा दी।
लगातार ट्रैवेल करने से थकी हुई थी टीम
गुजरात टाइटंस का पिछले कुछ दिनों का शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहा था। टीम 27 मई को धर्मशाला से मुल्लांपुर पहुंची थी, जहां 29 मई को क्वालिफायर-2 खेला गया। इसके बाद 30 मई को अहमदाबाद लौटने का प्रोग्राम था, लेकिन खराब मौसम के कारण देरी हुई। टीम शनिवार देर शाम अपने होम बेस पहुंची थी। लगातार सफर और कम समय के अंतराल में मैच खेलने के कारण खिलाड़ियों पर प्रेशर भी बढ़ा हुआ था।
थकान को हार की वजह मानने से इनकार
फाइनल हारने के बाद गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने टीम की थकान को हार की वजह मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा- हम RCB की जीत का क्रेडिट कम नहीं करना चाहते। 155 रन का स्कोर उम्मीद से कम था, लेकिन खिलाड़ियों ने मुकाबले में वापसी की पूरी कोशिश की। टीम अपनी गलतियों पर गौर करेगी, लेकिन विपक्षी टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है, इसे स्वीकार करना होगा।

