एशिया कप में इंडिया Vs PAK मैच होगा: बाइलेटरल सीरीज नहीं होगी, ICC इवेंट्स में दोनों देशों के मुकाबले जारी रहेंगे
Published:
3 min read

2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। इसमें टीम इंडिया ने 6 रन से जीत दर्ज की थी। (सोशल मीडिया)
भारतीय टीम एशिया कप 2025 में खेलेगी और उसका पाकिस्तान के खिलाफ भी मुकाबला होगा। यह अब लगभग कन्फर्म हो गया है। खेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि किसी भी स्पोर्ट्स में भारत और पाकिस्तान के बीच बाइलेटरल सीरीज या मुकाबले नहीं खेले जाएंगे।
बाइलेटरल मामले में भारत अपना पुराना रवैया अपनाए रखेगा। टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी और ना ही पाकिस्तानी टीम भारत दौरे पर आएगी।
ICC टूर्नामेंट में पाकिस्तान से मुकाबला होगा
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के जितने भी टूर्नामेंट होंगे उनमें और एशिया कप में टीम इंडिया खेलती रहेगी। इसमें पाकिस्तान से भी मुकाबले होंगे।
खेल मंत्रालय ने कहा- हम एशिया कप में खेलने से भारतीय टीम को नहीं रोक सकते, क्योंकि यह मल्टीलेटरल (कई टीमों का टूर्नामेंट) इवेंट है। मगर पाकिस्तान को भारत में बाइलेटरल सीरीज खेलने के अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि हम ओलंपिक चार्टर के मुताबिक मल्टीलेटरल इवेंट्स की रिस्पेक्ट करते हैं।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।

2012 के बाद नहीं हुई कोई बाइलेटरल सीरीज
भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच 13 साल से क्रिकेट में कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई है। आखिरी बार दिसंबर 2012 में पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच 2 टी20 मैच की सीरीज ड्रॉ रही थी। 3 वनडे मैच की सीरीज पाकिस्तान ने जीती थी। इसके बाद से दोनों टीमें ICC टूर्नामेंट या एशिया कप में ही खेलती नजर आ रही हैं।
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच आखिरी मुकाबला इसी साल 23 फरवरी को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में हुआ था। दुबई में हुए इस वनडे मैच को भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीता था। 2012 सीरीज के बाद से दोनों टीम के बीच अलग-अलग टूर्नामेंट में 20 मैच हुए। इसमें टीम इंडिया ने 15 मुकाबले जीते और 4 हारे हैं। 1 बेनतीजा रहा।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।


