FIFA World Cup 2026-23728: जर्मन टीम के बेस कैंप के पास जहरीला सांप दिखा, कप्तान बोले- आजकल नीचे देखकर चलना पड़ रहा
Published: Updated:
2 min read

जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिख ने खुलासा किया कि अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित विंस्टन-सेलम में टीम के ट्रेनिंग सेंटर के पास एक जहरीला सांप दिखाई दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जहां सभी टीमें अपने मुकाबलों की तैयारी में जुटी हैं। वहीं, जर्मनी की टीम एक अलग ही परेशानी का सामना कर रही है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्टेट में बने उनके बेस कैंप के आसपास एक जहरीला सांप दिखाई देने के बाद खिलाड़ियों की चिंता बढ़ गई है। कप्तान जोशुआ किमिख ने खुद इस घटना का जिक्र करते हुए बताया कि अब खिलाड़ी मैदान और कैंप के आसपास चलते समय काफी सतर्क हो गए हैं।
फीफा वर्ल्ड कप के दौरान जर्मनी की फुटबॉल टीम सिर्फ अपने विरोधी खिलाड़ियों से ही नहीं, बल्कि जहरीले सांपों से भी परेशान नजर आ रही है। जर्मन टीम का बेस कैंप अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना के विंस्टन-सेलम शहर में बना हुआ है। हाल ही में खिलाड़ियों ने कैंप के आसपास एक सांप देखा, जिसके बारे में उन्हें बताया गया कि वह जहरीला है। इसके बाद पूरी टीम में डर का माहौल बन गया।
हमने कल एक सांप देखा था
जर्मनी के कप्तान किमिख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कहा- हमने कल एक सांप देखा था। हमें बताया गया कि वह जहरीला है। अगर वह काट ले तो अस्पताल जाना पड़ेगा। शायद जान का खतरा न हो, लेकिन यह खतरनाक है। इसलिए हम यहां जानवरों से दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा- जर्मनी में इस तरह के खतरनाक जानवर कम देखने को मिलते हैं, इसलिए खिलाड़ियों के लिए यह अनुभव नया है। अब कई खिलाड़ी चलते समय नीचे जमीन की तरफ ज्यादा ध्यान देने लगे हैं ताकि किसी सांप पर गलती से पैर न पड़ जाए।

स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीम भी परेशान
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक , सिर्फ जर्मनी ही नहीं बल्कि स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीम ने भी इस तरह की चिंता जाहिर की है। नॉर्वे के कप्तान क्रिस्टियन थोर्स्टवेड्ट ने कहा कि उन्हें यह जानकर बिल्कुल अच्छा नहीं लगा कि नॉर्थ कैरोलिना में कॉपरहेड नाम के जहरीले सांप आम तौर पर पाए जाते हैं।
मैदान के प्रदर्शन की बात करें तो जर्मनी ने अपने पहले मैच में शानदार शुरुआत की। चार बार की विश्व चैंपियन टीम ने टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में डेब्यू कर रही कुराकाओ टीम को 7-1 से हराकर दमदार जीत दर्ज की। अब जर्मनी का अगला मुकाबला 21 जून को आइवरी कोस्ट से होगा।

