अनजान बॉलर ने रचा इतिहास: एक ओवर में लिए 5 विकेट, 28 साल के प्रियंदाना ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Published: Updated:
3 min read

इंडोनेशिया के फास्ट बॉलर गेडे प्रियंदाना ने इस मैच में एक ही ओवर किया, जिसमें एक रन देकर 5 विकेट लिए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडोनेशिया के तेज गेंदबाज गेडे प्रियंदाना (Gede Priandana) ने टी20 इंटरनेशनल में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे कोई दिग्गज नहीं बना सका। मुथैया मुरलीधरन, शेन वॉर्न, लसिथ मलिंगा, जेम्स एंडरसन, ब्रेट ली और वसीम अकरम जैसे प्लेयर भी पीछे छूट गए। 28 साल के गेडे ने एक ही ओवर में 5 विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
इससे पहले एक ओवर में 4 विकेट लेने का रिकॉर्ड कई बॉल बना चुके हैं। इस लिस्ट में पूर्व श्रीलंकाई पेसर लसिथ मलिंगा, अफगानिस्तानी स्पिनर राशिद खान और वेस्टइंडीज के पेसर जेसन होल्डर का नाम भी शामिल है। मगर इनमें से कोई भी एक ओवर में 5 विकेट नहीं ले सका।
केसुमा ने 68 बॉल पर 110 रन बनाए
गेडे ने इन सभी को पछाड़कर क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने आज (23 दिसंबर) ही यह उपलब्धि हासिल की है। गेडे ने कम्बोडिया के खिलाफ मैच में यह रिकॉर्ड बनाया। साथ ही अपनी इंडोनेशिया टीम को 60 रन से जीत दिलाई।
मुकाबला बाली के उदयन क्रिकेट ग्राउंड (Udayana Cricket Ground) में खेला गया। मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए इंडोनेशिया टीम ने 5 विकेट पर 167 रन बनाए। धर्मा केसुमा ने 68 बॉल पर 110 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
गेडे ने एक ओवर में लिए 5 विकेट
168 रन के टारगेट के जवाब में कम्बोडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही 1 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद टीम थोड़ी संभली, लेकिन 16वें ओवर में गेडे प्रियंदाना ने गेंदबाजी से कहर बरपा दिया। उन्होंने एक ही ओवर में 5 विकेट लेकर कम्बोडिया को 107 रन पर समेट दिया।
देखने वाली की बात ये है कि मैच में गेडे का यह पहला ही ओवर था। उन्होंने पहली 3 बॉल पर विकेट लेकर हैट्रिक लगाई। इस दौरान शाह अबरार हुसैन, निर्मल जीत सिंह और चंथोएन रथानक को आउट किया। इसके बाद आखिरी दो बॉल पर मोंगडारा सोक और पेल वेन्नाक को आउट किया।
गेडे ने इस ओवर में एक रन दिया, वो भी वाइड का। इस तरह इंडोनेशिया ने यह मैच 60 रन से जीत लिया। कम्बोडिया के लिए कप्तान लुक्मान बट्ट (Luqman Butt) ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए।
2 गेंदबाज घरेलू क्रिकेट में यह रिकॉर्ड बना चुके
इंटनरेशनल टी20 में भले ही गेडे एक ओवर में 5 विकेट लेने वाले पहले बॉलर बने हों, लेकिन घरेलू क्रिकेट में 2 बॉलर यह रिकॉर्ड बना चुके हैं। सबसे पहले अल-अमीन हुसैन ने 2013-14 विक्ट्री डे T20 कप में एक ओवर में पांच विकेट लिए थे।
दूसरा रिकॉर्ड भारतीय बॉलर अभिमन्यु मिथुन ने बनाया था। उन्होंने 2019-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में यह उपलब्धि हासिल की थी।

