गंभीर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन: इंग्लैंड सीरीज के बाद फैमिली समेत उज्जैन पहुंचे, एक्ट्रेस सोनल भी साथ दिखीं
Published:
2 min read

गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम को अगले महीने एशिया कप 2025 भी खेलना है। भारत-पाकिस्तान मैच 14 सितंबर को होगा।
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर फैमिली के साथ 15 अगस्त को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बाबा महाकाल के दर्शन किए। उनके साथ एक्ट्रेस सोनल चौहान भी दिखाई दीं। सभी भस्म आरती में शामिल हुए, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
हाल ही में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे से लौटी है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। इसके बाद गंभीर उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल से आशीर्वाद लिया। गंभीर के साथ पत्नी नताशा, उनकी दो बेटियां अजीन और अनाइजा भी रहीं।
एक्ट्रेस सोनल ने भी बाबा के दर्शन किए
उनके साथ एक्ट्रेस सोनल भी नजर आईं। उन्होंने जन्नत, द घोस्ट, बुड्ढा होगा तेरा बाप, आदिपुरुष और साइज जीरो जैसी फिल्मों में काम किया है। इमरान हाशमी के साथ वाली फिल्म जन्नत सुपर हिट रही थी। सोनल भी भस्म आरती में शामिल हुईं।
बाबा का आशीर्वाद रहेगा तो देश आगे बढ़ता रहेगा
इसी दौरान गंभीर ने मीडिया से बात की। भारतीय टीम के कोच ने कहा कि उन्हें तीसरी बार बाबा महाकाल के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा- “बाबा ने मुझे तीसरी बार बुलाया है। इस बार परिवार के साथ बुलाया। बाबा से प्रार्थना है कि परिवार और देशवासी सुखी रहें। बाबा का आशीर्वाद देश पर बना रहेगा तो देश आगे बढ़ता रहेगा।”
अब एशिया कप में खेलेगी टीम इंडिया
अब भारतीय टीम को अगले महीने एशिया कप 2025 खेलना है। इसके लिए टीम का ऐलान अब तक नहीं हुआ है। एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी।
दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया। इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।

