गौतम गंभीर को दर्शकों ने चिढ़ाया, VIDEO: कहा- कोचिंग छोड़ दो! 2027 वर्ल्ड कप भूल जाओ
Published:
3 min read

गौतम गंभीर के कोच पद संभालने के बाद से भारतीय टीम ने घर में 9 टेस्ट खेले, जिसमें से 5 हारे और 4 जीते हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर इन दिनों जमकर ट्रोल हो रहे हैं। इसका कारण उनकी कोचिंग में भारतीय टीम का खराब प्रदर्शन है। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दर्शक स्टेडियम के अंदर ही गंभीर को चिढ़ाते नजर आ रहे हैं। वे कहते हैं कि गंभीर को कोचिंग छोड़ देना चाहिए।
हाल ही में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज में 0-2 के क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी है। दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में हुआ था, जिसमें टीम इंडिया 408 रन से हारी थी। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गुवाहाटी टेस्ट से पहले इसी स्टेडियम का है।
इंडिया-अफ्रीका के बीच रांची वनडे होना है
जब भारतीय टीम प्रैक्टिस कर रही थी, उसी समय फैन्स ने गंभीर को चिढ़ाया। आप वीडियो में सुन सकते हैं जब दर्शक कहता है कि भारतीय टीम साउथ अफ्रीका से पहला टेस्ट हारकर 1-0 से पीछे है।
हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ ने दावा किया है कि यह वीडियो रांची स्टेडियम का है। मगर यह सच नहीं है। इसकी पुष्टि Grok ने भी की है। दरअसल, टेस्ट के बाद भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 3 वनडे की सीरीज होनी है। इसका पहला मैच रांची में 30 नवंबर को होगा। इसके लिए दोनों टीमें रांची में ही हैं।
2027 का वर्ल्ड कप भूल जाओ
वायरल वीडियो में भारतीय टीम मैदान पर कोच गंभीर के साथ प्रैक्टिस करती दिख रही है। स्टैंड में कुछ दर्शक बैठे हैं, जिनमें से एक यह वीडियो बना रहा होता है। वह गंभीर को देखकर कहता है- घर में पहले 3-0, अब अफ्रीका के साथ 1-0, कोचिंग छोड़ दो… (इतना कहकर सभी हंसने लगते हैं)। फिर वह व्यक्ति कहता है- साउथ अफ्रीका के साथ घर में नहीं जीत सकते। 2027 का वर्ल्ड कप भूल जाओ।
न्यूजीलैंड के बाद अफ्रीका ने किया क्लीन स्वीप
गंभीर ने जुलाई 2024 में कोच पद संभाला था। इसके बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 के क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। अब अफ्रीकी टीम ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया है। वीडियो में वह व्यक्ति गंभीर को न्यूजीलैंड सीरीज की हार याद दिलाता सुनाई दे रहा है।
गंभीर के कोच रहते टेस्ट रिकॉर्ड
टेस्ट: 19
हारे: 10
जीते: 7
ड्रॉ: 2
गंभीर की कोचिंग में 9 में से 5 टेस्ट हारे
गंभीर के पद संभालने के बाद से भारतीय टीम ने घर में 9 टेस्ट खेले, जिसमें से 5 हारे और 4 जीते हैं। इस दौरान टीम ने 4 बाइलेटरल टेस्ट सीरीज खेलीं, जिसमें से 2 में क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी। यह दोनों सीरीज न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ रहीं। जबकि टीम इंडिया ने दो सीरीज बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीती हैं।

