गंभीर पर टेस्ट फॉर्मेट को लेकर दबाव बढ़ा: शार्दुल ठाकुर बोले – उनका जज्बा और मोटिवेशन टीम इंडिया की असली ताकत, उनकी जरूरत बनी रहेगी
Published:
2 min read

शार्दुल ठाकुर ( लेफ्ट ) ने 2017 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। गौतम गंभीर को जुलाई 2024 में टीम इंडिया का कोच बनाया।
भारतीय टीम के कोच बनने के बाद गौतम गंभीर को टेस्ट फॉर्मेट को लेकर लगातार क्रिटिसिज्म का सामना करना पड़ रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया घर में अच्छा नहीं कर सकी। न्यूजीलैंड से सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। हालात तब और बिगड़ गए जब भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ( BGT ) हार गया। इसके बाद वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप ( WTC ) के फाइनल में भी जगह नहीं बना सके।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। इससे हालात और मुश्किल हो गए। कुछ लोगो गंभीर के रवैये पर सवालिया निशान लगाने लगे। कई एक्सपर्ट पूछ रहे थे कि गंभीर को लॉन्ग टर्म में यह जिम्मेदारी देनी भी चाहिए या नहीं।
हालांकि ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कोच को सपोर्ट करते हुए कहा कि गंभीर की खूबियां और उनका लड़ाकू अंदाज ही टीम को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी हैं। ठाकुर ने गंभीर के कॅरियर और उनके ड्रेसिंग रूम में मोटिवेशन की तारीफ की। कहा— मामला प्रैक्टिस का हो या मैच प्रेशर का। हमने उन्हें हमेशा ऐसे खिलाड़ी के तौर पर देखा है जो टीम के लिए लड़ने को तैयार रहते हैं। कठिनाई में भी वह वही एनर्जी हममें ट्रांसफर कर देते थे, जैसी वह अपने खेल के दिनों में मैदान पर लेकर आते थे।
उन्होंने आगे कहा — वह एक विजेता हैं, जिन्होंने देश के लिए कई कामयाबियां हासिल की हैं। वह अपने एक्सपीरियंस और मोटिवेशन पूरी टीम में लेकर आते हैं। क्रिटिसिज्म आता-जाता रहता है, लेकिन टीम के नजरिए से जीतना मायने रखता है और मुझे लगता है कि हम उसी दिशा में बढ़ रहे हैं।
ठाकुर ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे को गंभीर के प्रभाव का उदाहरण बताया। कहा- कोच ने टीम में जो कभी हार न मानने वाला रवैया डाला है, वह परफॉर्मेंस में साफ नजर आया।
एशिया कप सितंबर 2025 से शुरु
गंभीर की अगली चुनौती एशिया कप 2025 में होगी। अभी टीम का ऐलान भी नहीं हुआ है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि वह नए चेहरों को मौका देंगे या एक्सपीरियंस प्लेयर पर ही भरोसा रखेंगे। चाहे जो भी हो,क्रिटिसिज्म का दौर आसानी से खत्म नहीं होगा, लेकिन प्लेयर का भरोसा बना हुआ है कि गंभीर ही भारत को आगे ले जाने के लिए सही व्यक्ति हैं।

