गंभीर किधर है, रोहित को देख रहा है ना?: BCCI सिलेक्टर को देख फैन्स ने लगाए नारे; हिटमैन ने लगाई सेंचुरी
Published:
3 min read

जयपुर में रोहित शर्मा ने 155 रन की पारी खेली। उनकी क्लासिक बैटिंग देखने के बाद स्टैंड्स में बैठे फैन्स गौतम गंभीर को ट्रोल करने लगे। (फोटो क्रेडिट- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। मुंबई और सिक्किम के बीच विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में रोहित शर्मा ने 94 गेंदों पर 155 रनों की पारी खेली। उन्होंने 18 चौके और 9 छक्के लगाए। मुंबई ने यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। रोहित की क्लासिक बैटिंग देखने के बाद स्टैंड्स में बैठे फैन्स टीम इंडिया हेड कोच गौतम गंभीर को ट्रोल करने लगे।
करीब आधे घंटे के खेल के बाद दर्शक गंभीर का नाम चिल्लाने लगे। PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार जब फैंस ने स्टैंड्स में BCCI सिलेक्टर आरपी सिंह को देखा तो वे नारे लगाने लगे। फैन्स चिल्ला रहे थे- “गंभीर किधर है, देख रहा है ना?” इस मैच में रोहित पुल शॉट्स और क्लासिक टाइमिंग से सिक्किम के बॉलर्स पर पूरी तरह से हावी रहे। मुंबई के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने शुरू से ही एग्रेसिव रवैया अपनाया। किसी भी बॉलर की स्ट्रैटेजी काम नहीं आई।
लिस्ट ए क्रिकेट में रोहित का 37वां शतक
रोहित शर्मा ने 7 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी की। उन्होंने सिर्फ 62 गेंदों में सेंचुरी बनाई। यह लिस्ट ए क्रिकेट में रोहित का 37वां शतक था। रोहित की मौजूदगी से स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भर गया था। 3,000 की क्षमता वाले स्टेडियम में 10,000 से ज्यादा फैन्स आए थे। 2017 के बाद पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए रोहित ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए।
रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बीच तनाव की खबरें
मीडिया रिपोर्ट्स में कई बार दावा किया गया कि रोहित और गंभीर के बीच कुछ भी ठीक नहीं है। उनके कप्तान रहते ही गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बने थे। बाद में रोहित ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया। साथ ही उन्हें ODI टीम की कप्तानी से भी हटा दिया गया। शुभमन गिल को कमान सौंपी गई। फैन्स इन फैसलों के पीछे गंभीर और सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजीत अगरकर को मानते हैं। इसी वजह से स्टेडियम में भी गंभीर को लेकर ट्रोल किया गया।
मुंबई ने सिक्किम को 8 विकेट से हराया
मुंबई की ओर से खेलते हुए रोहित ने 94 गेंदों में 155 रन बनाए। मुंबई ने सिक्किम को 8 विकेट से हराया। सिक्किम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 236 रन बनाए।
इसके जवाब में मुंबई ने 31वें ओवर में ही टारगेट पूरा किया । रोहित और अंगकृष रघुवंशी के बीच 141 रन की पार्टनरशिप हुई। अंगकृष ने 38 रन बनाए। मुशीर खान 27 और सरफराज खान 8 रन नॉट आउट रहे ।
कोहली 15 और रोहित 7 साल बाद विजय हजार ट्रॉफी खेल रहे
कोहली ने इससे पहले 2010 में विजय हजारे ट्रॉफी खेला था। वहीं रोहित शर्मा 7 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उतरे हैं। दोनों खिलाड़ी अब सिर्फ ODI क्रिकेट खेलते हैं। टेस्ट और T20I से रिटायरमेंट ले चुके हैं। कुछ दिन पहले BCCI ने साफ किया था कि ODI टीम में जगह बनाए रखने के लिए सीनियर खिलाड़ियों को डोमेस्टिक क्रिकेट खेलना होगा। इसी के बाद रोहित-कोहली ने डोमेस्टिक क्रिकेट में वापसी की थी।

