व्यूज के लिए यंग प्लेयर का इस्तेमाल न करें: गंभीर का श्रीकांत को जवाब, हर्षित 33 नहीं 23 साल का है
Published:
3 min read

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम इंडिया के युवा गेंदबाज हर्षित राणा के सिलेक्शन पर सवाल उठाने वाले पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत को जवाब दिया है। गंभीर ने कहा कि यह बहुत शर्मनाक है कि कुछ लोग सिर्फ अपने यूट्यूब चैनल के व्यूज बढ़ाने के लिए 23 साल के यंग प्लेयर को निशाना बना रहे हैं।भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट के साथ सीरीज भी 2-0 से जीत ली। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच गौतम गंभीर ने श्रीकांत पर बिना नाम लिए निशाना साधा। गंभीर ने कहा कि हर्षित राणा को सिर्फ इसलिए टारगेट किया जा रहा है, क्योंकि वह यंग हैं और नाम कमा रहा है।
यंग प्लेयर को क्रिटिसाइज करना गलत
गंभीर ने कहा- यह शर्म की बात है। अगर आप 23 साल के यंग बॉलर को सिर्फ इसलिए क्रिटिसाइज कर रहे हैं ताकि आपका यूट्यूब चैनल चले और आपके व्यूज बढ़ें तो यह गलत है। हर्षित का कोई क्रिकेट बैकग्राउंड नहीं है। न उसके पिता कोई बड़े क्रिकेटर हैं और न ही वो किसी बड़े बैकग्राउंड से आता है। वो अपनी मेहनत से यहां तक पहुंचा है और आगे भी खेलता रहेगा।
![]()
उन्होंने आगे कहा- अगर आपके खुद के बच्चे कल क्रिकेट खेलेंगे और लोग उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां देंगे, तो आपको कैसा लगेगा? हर्षित 23 साल का है, कोई 33 साल का एक्सपीरियंस खिलाड़ी नहीं। मेरी आलोचना करो, मैं हैंडल कर लूंगा लेकिन एक यंग खिलाड़ी के माइंडसेट पर इस तरह की बातों का गलत असर होता है, लिहाजा प्लीज यह बंद कीजिए। आपका काम तो भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने का होना चाहिए। आप ऐसे बयान सिर्फ खुद को फायदा पहुंचाने के लिए दे रहे हैं।
राणा कोच का लाड़ला है
पूर्व सिलेक्टर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था कि गौतम गंभीर की टीम में सबसे पहले नाम हर्षित का लिखा जाता है। यह बात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और कुछ लोगों ने हर्षित को कोच का लाड़ला कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं श्रीकांत ने एक और युवा खिलाड़ी नितीश कुमार रेड्डी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा- कहां से आ गए? लोग कहेंगे ये हार्दिक पांड्या का रिप्लेसमेंट है, हांलाकि असली रिप्लेसमेंट तो रविंद्र जडेजा है। रेड्डी को जबरदस्ती टीम में शामिल किया गया है।उन्होंने आगे कहा-रेड्डी ODI टीम के लायक नहीं है। ऑस्ट्रेलिया जैसी जगह पर खिलाया गया तो इससे उसके कॅरियर पर असर होगा। उन्होंने रेड्डी को सिर्फ ठीक प्लेयर बताया। श्रीकांत ने कहा था- वो कोई स्पेशल टैलेंट नहीं है।


