गंभीर ने रोहित-कोहली को साइडलाइन किया: पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी का दावा, कहा- यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं हुआ
Published:
2 min read

विराट कोहली ने 29 जून 2024 को टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। इसी साल मई 2025 में टेस्ट को अलविदा कहा।
स्पोर्ट्स डेस्क. डेढ़ साल से भारतीय क्रिकेट बदलाव के दौर से गुजर रहा है। रविचंद्रन अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा। इसी बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास लिया। इसके अलावा रोहित को कप्तानी से भी हटा दिया गया। इन सबको लेकर पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हेड कोच गौतम गंभीर को जिम्मेदार ठहराया है।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री मनोज तिवारी ने इनसाइडस्पोर्ट से कहा कि गंभीर ने ही रोहित और कोहली को साइडलाइन किया है। उन्हें संन्यास लेने लेने के लिए मजबूर किया गया। यह सबकुछ भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं हुआ।
रोहित-कोहली सवाल उठाते इसलिए साइडलाइन किया
मनोज तिवारी ने कहा- यदि सीनियर प्लेयर टीम में रहें, अश्विन-रोहित और कोहली टीम में रहें तो यह प्लेयर अनुभव के हिसाब से गंभीर या किसी भी स्टाफ मेम्बर से ज्यादा एस्टेब्लिश हैं। ऐसे में इन्हें कुछ भी ठीक नहीं लगता तो यह सवाल जरूर उठाते। इस कारण आपने इन्हें साइडलाइन कर दिया।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा- मैंने यह ऑब्जर्व किया है कि जब से गंभीर कोच बने हैं, तब से कई सारे विवाद सामने आए हैं। कई ऐसी चीजें हुईं, जो भारतीय क्रिकेट के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं हैं। मैं मानता हूं कि जब से गंभीर हेड कोच बने, अश्विन ने संन्यास ले लिया। कोहली और रोहित ने भी यही किया। कई प्लेयर्स को टीम में शामिल कर सीधे प्लेइंग-11 में उतारा गया।
इस तरह रोहित-कोहली-अश्विन ने संन्यास लिया
दरअसल, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के ठीक बाद 29 जून 2024 को टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। फिर इसी साल 18 दिसंबर को अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
माना जा रहा था कि कोहली और रोहित टेस्ट और वनडे फॉर्मेट खेलते रहेंगे। तभी मई 2025 में अचानक इन दोनों प्लेयर्स ने टेस्ट फॉर्मेट को भी छोड़ने का ऐलान कर दिया। यह फैसला जून-जुलाई में होने वाली इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से ठीक पहले लिया था। अब BCCI ने रोहित को वनडे में कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को कमान सौंप दी है। देखना होगा कि यह दोनों 2027 वर्ल्ड कप खेल पाते हैं या नहीं।

