गिल के टीम से बाहर होने पर गंभीर चुप: मीडिया के सवालो से बचते नजर आए; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

T20I वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली।
स्पोर्ट्स डेस्क. T20I वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो गई है। उप-कप्तान शुभमन गिल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। शनिवार (20 दिसंबर) को टीम की घोषणा के बाद से ही यह खिलाड़ी काफी चर्चा में है। इसी बीच भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों से बचते नजर आ रहे हैं।
पत्रकारों ने गंभीर से गिल को टीम से बाहर रखने के बारे में सवाल किया, लेकिन कोच चुप रहे और बिना कुछ कहे चले गए। वीडियो 21 दिसंबर का बताया जा रहा है, इसमें गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर आते दिख रहे हैं।
गिल को क्यों किया गया ड्रॉप?
गिल पैर में चोट के कारण टीम से बाहर हुए हैं। हालांकि असली वजह उनकी खराब फॉर्म भी है। भारतीय बोर्ड वर्ल्ड कप को लेकर किसी भी तरह का रिस्क लेने के मूड में नहीं है। जबकि संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद टी20 में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा था। इस वजह से वर्ल्ड कप में गिल की जगह संजू से ओपनिंग कराई जानी लगभग तय है।
गिल इस समय टी20 इंटरनेशनल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे मैच में लगाई थी। इसके बाद से गिल ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से 377 रन बनाए हैं।
चीफ सेलेक्टर ने क्या कहा
BCCI के चीफ सिलेक्टर अगरकर ने कहा- गिल को बाहर करने की वजह कॉम्बिनेशन है। टीम मैनेजमेंट ने सोचा कि अगर विकेटकीपर बल्लेबाज टॉप ऑर्डर में खेलता है तो टीम को बल्लेबाजी में संतुलन मिलता है। इस वजह से जितेश शर्मा को भी टीम में जगह नहीं मिली सकी। गिल एक अच्छे खिलाड़ी हैं। हालांकि, हाल में उनके T20 मैचों में स्कोर बहुत कम रहे हैं। इसके अलावा वो चोट से भी जूझ रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी गर्दन में चोट लगी थी, जिससे उन्हें ODI सीरीज से बाहर रहना पड़ा।
अगरकर ने कहा- टीम में सिर्फ 15 खिलाड़ी ही चुने जा सकते हैं। इसलिए किसी न किसी खिलाड़ी को बाहर होना ही पड़ता है। इस बार टीम में विकल्प के हिसाब से गिल को टीम से बाहर रखा गया। यह किसी के खेल का सवाल नहीं है। यह सिर्फ टीम का और रणनीति का हिस्सा है।
सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

