2027 वर्ल्ड कप अभी दूर: गंभीर ने कहा- ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फोकस, रोहित और विराट का ढाई साल फिट रहना जरूरी
Published:
2 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने आखिरी बार इसी साल 9 मार्च को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के 2027 वर्ल्ड कप में खेलने को अहम बात कही है। गंभीर ने कहा है कि अभी वर्ल्ड कप ढाई साल दूर है। ऐसे में फिलहाल खिलाड़ियों का फॉर्म और फिटनेस ज्यादा जरूरी है।गौतम ने रोहित और विराट को लेकर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दोनों ही खिलाड़ी शानदार हैं और उनके अनुभव की टीम को बहुत जरूरत है। 2027 वर्ल्ड कप को लेकर गंभीर ने कहा कि अभी उस टूर्नामेंट में काफी वक्त है। इसलिए इस पर अभी से सवाल करना सही नहीं है।
रोहित और विराट क्लास प्लेयर
गंभीर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- ये दोनों बहुत क्वॉलिटी प्लेयर हैं। उनका अनुभव टीम के लिए बहुत काम आएगा। अभी हमारा फोकस ऑस्ट्रेलिया टूर पर है। उम्मीद है कि रोहित और विराट वहां अच्छा परफॉर्मेंस करेंगे।

टीम इंडिया को 15-20 साल दिए
रोहित और विराट की जोड़ी पिछले करीब 15–20 साल से भारत की बल्लेबाजी की रीढ़ रही है। अब दोनों 7 महीने बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं। दोनों ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में नजर आएंगे जो 19 अक्टूबर से शुरू हो रही है। बताया जा रहा है कि रोहित मुंबई में फिटनेस पर खूब मेहनत कर रहे हैं और करीब 10 किलो वजन भी कम किया है। वहीं विराट ने लंदन में अपनी तैयारी की है। 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों ने T20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। मई 2025 में इन दोनों ने टेस्ट क्रिकेट से भी दूरी बना ली थी। अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही बचा है, जिसमें ये दोनों नजर आ सकते हैं।

2027 तक फिटनेस जरूरी
हालांकि दोनों की उम्र को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 2027 वर्ल्ड कप तक रोहित की उम्र करीब 40.5 साल होगी और विराट 39 के हो जाएंगे। साथ ही पिछले कुछ महीनों से उन्होंने कोई प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेला है, जिससे उनकी फॉर्म और मैच फिटनेस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

रोहित- विराट को कमिट करना होगा
सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजीत अगरकर ने भी हाल ही में कहा था कि विराट और रोहित अभी वर्ल्ड कप को लेकर कोई पक्की बात नहीं कर रहे हैं। इस पर फैसला सही वक्त पर लिया जाएगा।

