पंत का गेम नहीं बदलेंगे: गंभीर बोले- सुदर्शन को नंबर-3 पर मौका; जानिए अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले कोच ने क्या कहा
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच कल (6 जून) से टेस्ट खेला जाएगा। मैच से पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम की तैयारी और प्लेयर्स को लेकर बात की। साथ ही उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल को लेकर कहा कि जब तक फाइनल में पहुंचने का मौका है, हम उम्मीद नहीं छोड़ेंगे। ड्रेसिंग रूम का हर प्लेयर मानता है कि हम WTC जीत सकते हैं।
साई सुदर्शन को नंबर-3 पर मौका
गंभीर ने साई सुदर्शन का स्पोर्ट किया। उन्होंने कहा- हम साई को बैटिंग में नंबर-3 पर भेजेंगे और उन्हें पूरा मौका देंगे। अगर किसी प्लेयर को सिर्फ 4-5 इनिंग्स देख कर आंकेंगे तो स्ट्रांग टीम नहीं बना पाएंगे।
चौथे स्पिनर की तलाश
गंभीर ने बताया कि श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम एक और स्पिनर का विकल्प तैयार करना चाहती है। उन्होंने कहा- वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा मेन स्पिनर हैं। चौथा ऑप्शन सिर्फ बैकअप के तौर पर तैयार किया जा रहा है।

थकान कोई बहाना नहीं
IPL के फौरन बाद टेस्ट खेलने पर गंभीर ने कहा कि सभी प्लेयर प्रोफेशनल हैं। उन्होंने कहा- थकान बहाना नहीं हो सकती। टेस्ट क्रिकेट में सबसे जरूरी बात मानसिक रूप से तैयार होना होता है।
पंत की उपकप्तानी पर क्या बोले?
ऋषभ पंत से उपकप्तानी वापस लेने के सवाल पर गंभीर ने कहा- हम उन पर एक्स्ट्रा दबाव नहीं डालना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि पंत अपना नैचुरल गेम ही खेलें। प्लेयर को मैच की कंडीशन के हिसाब से खेलना चाहिए।
ट्रांजिशन फेज पर भी बोले
टीम में चल रहे ट्रांजिशन फेज को लेकर गंभीर ने कहा- यह दौर ज्यादा लंबा नहीं रहा है। इंग्लैंड दौरे के बाद टीम ने सिर्फ 9 टेस्ट खेले हैं। कई यंग प्लेयर टीम में आए हैं, इसलिए स्टेबिलिटी आने में थोड़ा समय लग सकता है। हालांकि, टीम के पास टैलेंट है। वह जल्द बेहतर परफॉर्मेंस करेंगे।

