कोई तैयारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए: गौतम गंभीर का टीम इंडिया को मैसेज, कहा- खिलाड़ियों के पास हर चैलेंज का जवाब होना चाहिए
Published:
4 min read

इंडिया और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच 15 अगस्त से शुरू होगा। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 15 अगस्त से खेला जाएगा। सीरीज से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने प्लेयर्स को स्पेशल मैसेज दिया है। कोलंबो में NCC ग्राउंड पर प्रैक्टिस के दौरान गंभीर ने कहा कि मैच के पहले दिन से ही मजबूत तैयारी होनी चाहिए। भारतीय टीम इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है, इसलिए यह सीरीज टीम के लिए काफी अहम रहने वाली है।
जानिए गंभीर ने क्या बोला
गंभीर ने कहा- सभी जानते हैं कि सामने कितनी बड़ी चुनौती है और टीम किस मकसद से खेल रही है। अभी मेहनत करने का समय है, इसलिए कोई भी तैयारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। 15 अगस्त की सुबह जब टीम मैदान पर उतरे, तब चाहे पहले बैटिंग मिले या बॉलिंग, हर चैलेंज का जवाब खिलाड़ियों के पास होना चाहिए। हर छोटी-बड़ी चीज पर ध्यान दो, ताकि मैच शुरू होने के बाद किसी बात की कमी महसूस न हो। BCCI ने यह मोटिवेशनल वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
सारांश जैन और आकिब नबी का किया स्वागत
गौतम गंभीर ने टीम में नए शामिल हुए ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का वेलकम करते हुए कहा कि उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। अब जब भी मौका मिले, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करना। तेज गेंदबाज आकिब नबी की भी तारीफ की और कहा कि पिछले घरेलू सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताने में उनका बड़ा योगदान रहा, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है।
नए फील्डिंग कोच से भी जताई उम्मीद
गंभीर ने टीम के नए फील्डिंग कोच सुभदीप घोष का भी स्वागत किया। सुभदीप कई टीमों के साथ काम कर चुके हैं और उनके पास अच्छा अनुभव है। उनकी मेहनत टीम के खिलाड़ियों को बेहतर बनने में मदद करेगी और टीम अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल होगी।
टीम इंडिया ने अपना पिछला टेस्ट मैच 6 से 8 जून 2026 के बीच न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। भारत ने यह मैच एक पारी और 300 रन के बड़े अंतर से जीता था।यह सिर्फ एक टेस्ट मैच की सीरीज थी और श्रीलंका दौरे से पहले टीम का यही आखिरी टेस्ट मुकाबला रहा।
7 से 9 अगस्त तक होगा प्रैक्टिस मैच
भारतीय टीम ने बुधवार से कोलंबो के NCC ग्राउंड पर अभ्यास शुरू कर दिया है। अब 7 से 9 अगस्त के बीच टीम तीन दिन का प्रैक्टिस मैच खेलेगी। इसके बाद भारतीय टीम गाले पहुंचेगी, जहां 15 अगस्त से पहला टेस्ट खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर होगा।
WTC की रेस में दोनों टीमों के लिए बड़ा मौका
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंक तालिका में भारत 48.150% (PCT) के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं श्रीलंका 41.67% के साथ छठवें नंबर पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम है, क्योंकि यहां अच्छा प्रदर्शन WTC की रेस में उनकी स्थिति मजबूत कर सकता है।

गंभीर का कोचिग रिकाॅर्ड
पहले बात गंभीर की कोचिंग की करते हैं... उनके रहते टीम इंडिया ने अब तक (25 जुलाई) तीनों फॉर्मेट में टोटल 23 बाइलेटरल सीरीज खेलीं, जिसमें से 13 जीतीं और 9 में हार मिली। एक सीरीज ड्रॉ रही थी। यदि इस रिकॉर्ड की तुलना गंभीर के पद संभालने से ठीक पहले की 23 सीरीज से करें तो भारतीय टीम का इनमें दमदार प्रदर्शन रहा था। टीम ने 23 में से 17 सीरीज जीती थीं और सिर्फ 4 ही हारे थे। जबकि 2 सीरीज ड्रॉ रही थीं।
विदेशी सीरीज में भी बुरा हाल
विदेशी जमीन पर भी गंभीर की कोचिंग में टीम का हाल बुरा ही रहा है। विदेश में भारतीय टीम ने 10 सीरीज खेलीं, जिसमें से 3 जीते, 6 हारे और 1 सीरीज ड्रॉ रही थी। यदि गंभीर के पद संभालने से ठीक पहले की 23 सीरीज में से भारतीय टीम ने 12 सीरीज विदेश में खेली थीं। इनमें से 7 जीते और सिर्फ 3 हारे थे। 2 सीरीज ड्रॉ रही थीं।

