शमी वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे?: कोच गंभीर ने दिया हिंट, बताया क्यों हर्षित राणा को इतना सपोर्ट करते हैं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को 3 मैचों की घरेलू वनडे सीरीज में 2-1 से हरा दिया है। इसके बाद टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने एक बड़ा बयान दिया। गंभीर पर हमेशा ही तेज गेंदबाज हर्षित राणा को सपोर्ट करने और बाकी प्लेयर्स से पक्षपात करने का आरोप लगता रहा है। गंभीर ने बताया कि क्यों हर्षित को सपोर्ट करते हैं।
कोच ने अपने बयान में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम नहीं लिया, लेकिन हिंट दे दिया कि टीम इंडिया में शमी की वापसी के चांस लगभग खत्म हो गए हैं। ऐसे में शमी का अगला वर्ल्ड कप 2027 खेलना नामुमकिन सा दिख रहा है।
हर्षित को सपोर्ट की वजह बताई
गंभीर ने कहा कि हर्षित नंबर-8 पर बैटिंग करने के लिए एक बेहतरीन फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर बन सकते हैं। वे वर्ल्ड कप 2027 में टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा- यही एक वजह है कि हम हर्षित जैसे प्लेयर को आगे बढ़ा रहे हैं, जो नंबर-8 पर बैटिंग कर सके।
हेड कोच ने कहा- हमें भारतीय टीम में एक बैलेंस (बैटिंग-बॉलिंग) तैयार करना होगा, क्योंकि 2 साल बाद साउथ अफ्रीका में हमें 3 स्पेशलिस्ट फास्ट बॉलर चाहिए रहेंगे। यदि वह (हर्षित) एक अच्छा बॉलिंग ऑलराउंडर बनता है तो यह हमारे लिए अच्छी बात होगी।
अगला वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में होगा
दरअसल, अगला वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। गंभीर ने आगे कहा- जसप्रीत बुमराह की भी टीम में वापसी होनी है। अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित ने इस सीरीज (साउथ अफ्रीका के खिलाफ) में शानदार प्रदर्शन किया है।
युवाओं को सपोर्ट करते रहेंगे गंभीर
मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज जैसे एक्सपीरियंस प्लेयर्स अभी वनडे टीम से बाहर हैं। जबकि गंभीर ने यह भी क्लियर कर दिया है कि वे सिर्फ युवाओं को ही मौका देना चाहते हैं, क्योंकि उनके पास अनुभव कम है। वे वर्ल्ड कप तक इन्हें पर्याप्त मौका देना चाहते हैं।
गंभीर ने कहा- इन तीनों ही गेंदबाजों (अर्शदीप, हर्षित, कृष्णा) के पास ज्यादा अनुभव नहीं है खासकर वनडे फॉर्मेट में। उन्होंने 15 से भी कम मैच खेले, इसके बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है। मेरा मानना है कि हर्षित जैसे प्लेयर को आगे बढ़ाएं तो वह नंबर 8 पर अच्छी बैटिंग कर सकता है। यह टीम को अच्छा बैलेंस भी देगा। देखते हैं, अभी काफी वक्त है।
बता दें कि हर्षित राणा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हर्षित राणा का बैटिंग में शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने 14 मैचों में 31.18 के एवरेज से 499 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 सेंचुरी और 2 फिफ्टी लगाईं।

