टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच डोशेट ने पद छोड़ा: सुभदीप घोष नए फील्डिंग कोच, टी दिलीप की जगह लेंगे
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है। असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेटे (Ryan ten Doeschate) का कार्यकाल पूरा हो गया है। वे अब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ग्लोबल क्रिकेट सेटअप से जुड़ गए हैं। वहीं, BCCI ने फील्डिंग में लगातार हो रही गलतियों को देखते हुए टी दिलीप का कार्यकाल भी आगे नहीं बढ़ाया। उनकी जगह अनुभवी सुभदीप घोष को बतौर फील्डिंग कोच सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया है।
रयान टेन डोशेटे की KKR में वापसी
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स ने 29 जुलाई को घोषणा की कि रयान टेन डोशेटे को हेड ऑफ क्रिकेट स्ट्रैटेजी बनाया गया है। इस नई भूमिका में वह KKR के सभी ग्लोबल फ्रेंचाइजी सिस्टम की क्रिकेट प्लानिंग, खिलाड़ियों की भर्ती, स्क्वॉड प्लानिंग और परफॉर्मेंस को देखेंगे।
इसके अलावा वे फ्रेंचाइजी की तीन विदेशी टीमों की भी कोचिंग करेंगे। इनमें कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, ILT20 की अबू धाबी नाइट राइडर्स और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की लास एंजेलिस नाइट राइडर्स शामिल हैं।
KKR के CEO वेंकी मैसूर ने कहा- टेन डोशेटे फ्रेंचाइजी की सोच कल्चर को अच्छी तरह समझते हैं। उनका इंटरनेशनल और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अनुभव KKR के फ्यूचर को मजबूत बनाने में मदद करेगा।
ये भी पढ़ें शॉर्ट बॉल पर हर कोई आउट होता है: वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में अश्विन, कहा- रिकी पोंटिंग भी बाउंसर पर आउट हुए

भारत का साथ क्यों छोड़ा?
डोशेट जुलाई 2024 में गौतम गंभीर के साथ भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच बने थे। इस दौरान टीम ने एशिया कप 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। हालांकि BCCI उन्हें 2027 तक बनाए रखना चाहता था, लेकिन उन्होंने निजी कारणों से यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक- वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते थे। वहीं कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि उनकी कोचिंग भूमिका पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी, जिससे वह संतुष्ट नहीं थे।
अब फील्डिंग सुधारेंगे सुभदीप घोष
रयान टेन डोशेटे के जाने के बाद BCCI ने कोचिंग स्टाफ में एक और अहम बदलाव किया है। बोर्ड ने टी. दिलीप का टेन्योर आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है और उनकी जगह अनुभवी फील्डिंग कोच सुभदीप घोष को टीम इंडिया के साथ जोड़ने की तैयारी की।

हाल के महीनों में भारतीय टीम की फील्डिंग पर लगातार सवाल उठे हैं। इंग्लैंड दौरे पर कई आसान कैच छूटे, स्लिप में गलतियां हुईं और ग्राउंड फील्डिंग भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। इसी वजह से गौतम गंभीर और BCCI ने तकनीकी रूप से मजबूत फील्डिंग एक्सपार्ट को लाने का फैसला किया।
कौन हैं सुभदीप घोष?
57 साल के सुभदीप घोष, जिन्हें घरेलू क्रिकेट में जॉय के नाम से भी जाना जाता है, असम के डिगबोई के रहने वाले हैं। उन्होंने 1994-95 से 2004-05 के बीच असम और रेलवे की ओर से घरेलू क्रिकेट खेला।
वह दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज रहे हैं। क्रिकेट छोड़ने के बाद उन्होंने अपनी पहचान एक बेहतरीन फील्डिंग कोच के रूप में बनाई। वह पिछले छह-सात साल से नेशनल क्रिकेट अकादमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में खिलाड़ियों के साथ काम कर रहे हैं।

PL और टीम इंडिया के साथ भी रहा अनुभव
सुभदीप घोष 2014 में KKR की IPL विजेता टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के फील्डिंग कोच के रूप में भी काम किया। वह 2021 में भारतीय महिला टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फील्डिंग कोच रहे और भारत ए तथा अंडर-19 टीमों के साथ भी लंबे समय तक काम कर चुके हैं।

गंभीर की टीम में नए दौर की शुरुआत
गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में लगातार बदलाव हो रहे हैं। रयान टेन डोशेटे के जाने से एक अनुभवी कोच की कमी जरूर होगी, लेकिन घोष की एंट्री यह दिखाती है कि BCCI अब फील्डिंग के लेवल को बेहतर बनाने पर पूरा ध्यान दे रही है। आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स से पहले यह बदलाव भारतीय टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: भारतीय टीम को दो हफ्ते का आराम: अगस्त में 2 टेस्ट; सितंबर में 3 सीरीज और दो टीमें; देखें शेड्यूल

