गंभीर को क्रिटिसाइज करना गलत: बैटिंग कोच सितांशु कोटक बोले- गौतम ने तो हार का हर इल्जाम अपने सिर लिया, उन्हें टारगेट न करें
Published:
3 min read

इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का आखिरी यानी दूसरा मुकाबला कल (22 नवंबर) से खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. ईडन गार्डन्स टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 रन की हार के बाद हर तरफ से हेड कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने गंभीर का बचाव किया है।
गुवाहाटी टेस्ट से पहले मीडिया से बातचीत में कोटक ने कहा- गंभीर ने टीम और क्यूरेटर का बचाव करते हुए सारा इल्जाम अपने ऊपर ले लिया। कुछ लोग बिना वजह गंभीर को निशाना बना रहे हैं।
इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट से ठीक पहले सितांशु ने कहा- ईडन गार्डन्स की पिच को लेकर जितना बवाल हुआ, वह असल में उतना जरूरी नहीं था।
खराब बैटिंग के लिए गौतम जिम्मेदार नहीं
कोटक ने कहा- पहले टेस्ट में खराब बल्लेबाजी के लिए सिर्फ गौतम गंभीर को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। जबकि टीम ने मिलकर गलतियां कीं। गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानबूझकर सारी गलती अपने सिर ले ली, ताकि क्यूरेटर पर आरोप न लगें।
बैंटिग पर सवाल क्यों नहीं
कोटक के मुताबिक- गौतम गंभीर, गौतम गंभीर… कोई यह नहीं बोल रहा कि कौन बल्लेबाज कहां गलती कर गया या कौन गेंदबाज बेहतर कर सकता था। यहां तक कि मैं खुद क्या बेहतर कर सकता था, इस पर भी कोई चर्चा नहीं। सिर्फ गंभीर को ही निशाना बनाया जा रहा है।
![]()
इंडिया में क्रेडिट कोई नहीं देता
कोटक ने आगे कहा- पिछले 30–35 मैचों में भारत सिर्फ दो ही मैच हारा है। लेकिन जीत का क्रेडिट कोई नहीं देता। दो मैच हार क्या गए, लोग गंभीर को क्रिटिसाइज कर रहे है। शायद कुछ लोगों के अपने एजेंडा हों और वह पिच और क्रिकेट को ज्यादा जानते हैं।
कोलकाता की पिच पर बड़ा खुलासा
कोटक ने ईडन गार्डन्स की पिच पर चल रही आलोचनाओं के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पिच पहले ही दिन से टूटने लगी थी। इसकी किसी की उम्मीद नहीं थी। पिच की मिट्टी उखड़ने लगी, जिससे मैच तीसरे दिन ही खत्म होने की कगार पर आ गया। 3 दिन 39 विकेट गिरे।
कोटक ने कहा- स्पिन पिच बनाई थी। यहां तो पहले दिन से ही पिच टूटने लगी। क्यूरेटर भी नहीं चाहते थे कि पिच इतनी जल्दी टूटे। सच में, किसी की मंशा नहीं थी कि मैच दो-तीन दिन में खत्म हो जाए।
गुवाहाटी की पिच और भारत की रणनीति
गुवाहाटी में कोटक ने कहा- यहां की पिच रेड सॉइल (लाल मिट्टी) वाली है। इस पर हल्की घास है। उन्होंने क्लियर किया कि भारत हमेशा अपनी ताकत स्पिन के अनुसार पिच तैयार करवाता है। हालांकि टीम कभी भी दो दिन में खत्म होने वाली पिच की मांग नहीं करती।
कोटक ने आखिर में कहा- हर देश अपनी स्ट्रैंथ पर खेलता है। इंग्लैंड में स्विंग, ऑस्ट्रेलिया में बाउंस और भारत में स्पिन। हमें बस थोड़ा स्पिन चाहिए क्योंकि यह हमारी ताकत है।
मुकाबला कल से
इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का आखिरी यानी दूसरा मुकाबला कल (22 नवंबर) से खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर यह पहला टेस्ट होगा, जो भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतती है तो सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होगी। साउथ अफ्रीका जीती तो 2-0 से क्लीन स्वीप करेगी।

