रातभर पार्टी, सुबह सेंचुरी: गैरी सोबर्स ने नशे में भी कई शतक लगाए, इस लीजेंड का 89 की उम्र में निधन
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट के लीजेंड सर गारफील्ड सोबर्स (गैरी सोबर्स) का शुक्रवार (17 जुलाई) को 89 की उम्र में निधन हो गया है। वेस्टइंडीज के इस पूर्व ऑलराउंडर का जन्म 28 जुलाई 1936 को बारबाडोस में हुआ था। गैरी ऐसे दिग्गज खिलाड़ी रहे, जिन्होंने होश में तो कई ऐतिहासिक पारियां खेली हीं। साथ ही नशे की हालत में भी कई बार सेंचुरी लगाई और टीम को जीत दिलाई।
गैरी के कॅरियर में ऐसे ही कई यादगार किस्से हैं, जिनके बारे में जानकर कई फैन्स हैरान रह जाते हैं। गैरी ने कई बार मैच से ठीक पहले रातभर पार्टी की और अगले दिन सेंचुरी लगाई। आइए जानते हैं ऐसी यादगार पारियों के बारे में...
लॉर्ड्स टेस्ट, नॉटआउट 150 रन बनाए
1973 की बात है, जब गैरी 37 साल के थे। उनका कॅरियर ढलान पर था और उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया था। लेकिन गैरी ने काउंटी सीजन में 436 रन बनाए और 12 विकेट लिए थे। इसके चलते उन्हें टीम में फिर शामिल किया गया। अगस्त 1973 में वेस्टइंडीज Vs इंग्लैंड लॉर्ड्स टेस्ट हुआ।
टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए मैच के पहले दिन 4 विकेट पर 335 रन बनाए। गैरी 31 रन बनाकर नॉटआउट थे और दूसरे दिन उन्हें बैटिंग की शुरुआत करनी थी। हालांकि गैरी रात को नाइटक्लब गए और जमकर शराब पी। वे तड़के होटल लौटे। उनकी नींद भी पूरी नहीं हुई थी और नशे में भी थे।

बीच मैच में पेट दर्द भी हुआ
गैरी कुछ ही घंटे सो पाए थे कि उठकर मैच के लिए चले गए। वे ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। गैरी ने पारी शुरू की और ताबड़तोड़ अंदाज में सेंचुरी लगाई। शतक पूरी करते ही उनके पेट में तेज दर्द उठा। ड्रिंक्स में उन्होंने यह बात साथी प्लेयर्स और अंपायर्स को भी बताई। गैरी रिटायर्ड हर्ट हुए और आराम किया। तब वे 132 रन पर खेल रहे थे। तभी कप्तान रोहन कन्हाई ने उनके लिए शराब का इंतेजाम किया। गैरी ने फिर ड्रिंक ली और पेट दर्द गायब हो गया।
गैरी दोबारा मैदान पर खेलने लौटे। कप्तान ने वेस्टइंडीज की पहली पारी 8 विकेट पर 652 के स्कोर पर डिक्लेयर की। तब गैरी 150 रन बनाकर नॉटआउट रहे थे। वेस्टइंडीज ने यह टेस्ट पारी और 226 रन से जीता था।

कानपुर टेस्ट में भी सेंचुरी लगाई थी
1968 में वेस्टइंडीज टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरा किया था। सिडनी टेस्ट से पहले गैरी ने अपने फ्रेंड के साथ अलग होटल में पार्टी की और वहीं रुके रहे। सुबह जब अपनी होटल पहुंचे तो टीम की बस स्टेडियम के लिए रवाना हो चुकी थी। गैरी सीधे स्टेडियम पहुंचे और पैड पहनकर कुर्सी पर ही सो गए थे। साथी ने गैरी को जगाया और बैटिंग के लिए भेजा। यहां भी गैरी ने सेंचुरी लगाई थी।
यह भी एक किस्सा है कि जब वेस्टइंडीज की टीम 1958-59 में भारत दौरे पर आई थी। तब भी गैरी ने कानपुर टेस्ट की दूसरी पारी में 198 रन की पारी खेली थी। वे रनआउट हुए थे। कहा जाता है कि गैरी ने इस पारी से पहले रात 2 बजे तक पार्टी की थी। वे काफी नशे में थे। सुबह उन्होंने यह सेंचुरी लगाई थी।
365 रन की ऐतिहासिक पारी
गैरी ने 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ 365 रन की नाबाद पारी खेली थी। तब यह एक टेस्ट इनिंग का हाइएस्ट स्कोर था। फिलहाल, यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ही ब्रायन लारा के नाम है, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2004 में जोहानिसबर्ग टेस्ट में 400 रन की पारी खेली थी।
पहली बार एक ओवर में 6 सिक्स
1968 में गैरी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में 6 सिक्स लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। तब वे ऐसा करने वाले वर्ल्ड के पहले प्लेयर बने थे।

