सौरव गांगुली ने 50 करोड़ का मानहानि केस किया: मेसी के कोलकाता इवेंट से जुड़ा मामला; दावा- गांगुली भी आर्गनाइजर्स से जुड़े थे, पूर्व कप्तान बोले- इससे इमेज खराब हुई
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कोलकाता बेस्ड अर्जेंटीना फैन क्लब के प्रेसिडेंट उत्तम साहा के खिलाफ 50 करोड़ का मानहानि मुकदमा दायर किया है। मामला लियोनल मेसी के कोलकाता दौरे से जुड़ा है। इस इवेंट में काफी ज्यादा बदइंतजामी हो गई थी। इसकी वजह से दूर-दूर से टिकट खरीदकर आए फैंस को भी काफी निराशा हुई। उत्तम साहा ने कहा कि सौरव गांगुली भी इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े थे। ये बात गांगुली को नागवार गुजर गई।
इवेंट में मिडिलमैन की भूमिका निभा रहे थे गांगुली- साहा
उत्तम साहा ने गांगुली पर आरोप लगाया कि वे इवेंट में मिडिलमैन की भूमिका निभा रहे थे। साहा ने कहा कि गांगुली का CAB (बंगाल क्रिकेट संघ) प्रेसिडेंट होने के नाते इसमें हाथ था। गांगुली ने इन आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने लालबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ये बयान उनकी छवि खराब करने के लिए दिया गया।
सौरव बोले- मैं वहां सिर्फ गेस्ट था
सौरव गांगुली ने साफ किया कि वे सिर्फ गेस्ट के तौर पर स्टेडियम गए थे। आर्गनाइजर्स से उनका कोई आधिकारिक संबंध नहीं था। हंगामे के दौरान वे स्टेडियम से निकल गए थे। अब उनके वकीलों ने साहा को नोटिस भेजा है। नोटिस के तहत बयान वापस लेने और 50 करोड़ हर्जाना देने की मांग की है।

खराब अरेंजमेंट ने मेसी का दौरा खराब किया
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉल फैंस ने 13 दिसंबर को जबरदस्त हंगामा किया। दरअसल, अर्जेंटीना के फेमस फुटबॉलर लियोनल मेसी भारत दौरे के तहत यहां पहुंचे थे। उन्हें करीब 2 घंटे रुकना था, लेकिन 10 मिनट भी नहीं रुके। इससे दर्शक नाराज हो गए, क्योंकि वो काफी महंगे टिकट खरीदकर आए थे। उन्हें मेसी की ठीक से झलक भी नहीं मिली। इसी नाराजगी के चलते स्टेडियम में हंगामा हुआ।
बोतलें फेंकी गईं और कुछ लोगों ने मैदान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। बाद में पश्चिम बंगाल की चीफ मिनिस्टर ममता बनर्जी ने फैंस से बदइंतजामी के लिए माफी मांगी। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। इतना ही नहीं आयोजकों को टिकटों के पैसे लौटाने के लिए भी कहा गया।

