लॉर्ड्स स्टेडियम में मैच के बीच आई लोमड़ी: द हंड्रेड टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में हुआ ऐसा, कोई भी लोमड़ी को भगाने नहीं आया; VIDEO
Published:
2 min read

द हंड्रेड टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच 5 अगस्त को लंदन स्पिरिट और ओवल इविंसिबल के बीच हुआ। ओवल टीम की बैटिंग के दौरान लॉर्ड्स स्टेडियम में लोमड़ी आई। (Sky sports)
क्रिकेट मैच के दौरान कई बार मैदान पर सांप, कुत्ता, पक्षी या मधुमक्खी आने के कई मामले में सामने आए हैं। मगर इस बार मैदान पर लोमड़ी के आने का मामला सामने आया है। यह वाकया लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर हुआ, जहां 5 अगस्त को द हंड्रेड टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच खेला जा रहा था। यह मैच लंदन स्पिरिट और ओवल इविंसिबल के बीच हुआ।
खास बात यह भी रही कि कोई भी गार्ड या स्टाफ मेम्बर लोमड़ी को पकड़ने नहीं आया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देख सकते हैं कि लोमड़ी स्टेडियम में आते ही मैदान के चक्कर लगाने लगती है। कोई उसके पास नहीं आया। फिर लोमड़ी अपने आप ही मैदान से बाहर भी चली जाती है।
ओवल टीम की बैटिंग के दौरान आई लोमड़ी
दरअसल, द हंड्रेड 100-100 बॉल्स का एक टूर्नामेंट है। मौजूदा सीजन के ओपनिंग मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए लंदन स्पिरिट ने पहले बैटिंग करते हुए 94 गेंद में 80 रन बनाए। एश्टन टर्नर ने सबसे ज्यादा 21 रन बनाए। सैम करन और राशिद खान ने 3-3 विकेट लिए।
81 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी ओवल इविंसिबल टीम ने 8 बॉल ही खेली थीं। तभी अचानक मैदान पर यह लोमड़ी आ गई। अच्छी बात यह रही कि लोमड़ी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। वो खुद ही बाहर चली गई। मैच कुछ देर रुका रहा।
खेल फिर शुरू हुआ तो ओवल टीम ने 69 बॉल में ही 6 विकेट से मैच जीत लिया। इस टीम ने 4 विकेट गंवाकर 81 रन बनाए। टीम के लिए विल जैक्स ने 24 और तवांडा मुयेये ने 18 रन बनाए। स्पिनर लियाम डॉसन ने 2 विकेट लिए। द हंड्रेड टूर्नामेंट का फाइनल 31 अगस्त को लॉर्ड्स के मैदान पर ही खेला जाना है।
इंडिया-इंग्लैंड के बीच सीरीज 2-2 से ड्रॉ
हाल ही में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली गई। यह 2-2 से ड्रॉ रही। आखिरी टेस्ट ओवल में 31 जुलाई से 4 अगस्त तक चला। इसके ठीक अगले दिन यानी 5 अगस्त से यह द हंड्रेड टूर्नामेंट शुरू हुआ।

