FIFA WC के यूट्यूब वीडियोज पर 1.7 बिलियन व्यूज: सुंदर पिचाई बोले- ये सबसे ज्यादा देखा जाने वाला सीजन, क्रिएटर्स ने भी रिकॉर्ड बनाए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 यूट्यूब के इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला सीजन बन गया है। यह जानकारी गूगल के CEO सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) ने दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान दुनियाभर के 1.7 बिलियन से ज्यादा यूनिक व्यूअर्स ने यूट्यूब पर वर्ल्ड कप से जुड़े वीडियो देखे।
सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह यूट्यूब का अब तक का सबसे ज्यादा देखा गया FIFA वर्ल्ड कप सीजन रहा। इसके साथ ही वर्ल्ड कप से जुड़े कंटेंट के लाइफटाइम व्यूज का आंकड़ा 200 बिलियन के पार पहुंच गया।

क्रिएटर्स ने भी रिकॉर्ड बनाए
इससे पहले यूट्यूब के CEO नील मोहन ने भी टूर्नामेंट के व्यूअरशिप आंकड़े शेयर किए थे। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कप के दौरान क्रिएटर्स के कंटेंट को 2.5 अरब से ज्यादा व्यूज मिले। इसके अलावा यूट्यूब के पहले क्रिएटर कप को भी 1 करोड़ (10 मिलियन) से ज्यादा लाइव व्यूज मिले।
नील मोहन ने कहा कि वर्ल्ड के क्रिएटर्स ने अपनी कॉमेंट्री, एनालिसिस और अलग-अलग पर्सपेक्टिव के जरिए फैंस के एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाया।
स्पेन को बधाई दी
नील मोहन ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर स्पेन (Spain) को बधाई भी दी। उन्होंने यूट्यूब के पार्टनर्स, क्रिएटर्स और कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर फैंस के लिए यादगार एक्सपीरियंस तैयार किया।

स्पेन 16 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बना
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया था। मैच का इकलौता गोल 106वें मिनट में सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस ने किया था। इस जीत के साथ स्पेन ने 16 साल बाद दूसरी बार वर्ल्ड कप का टाइटल जीता। इससे पहले टीम ने 2010 में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

