अगले IPL में 5 कप्तान बदल सकते हैं: हार्दिक-पंत की टीम प्लेऑफ से बाहर, रहाणे-अक्षर की कप्तानी पर भी खतरा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में कई टीमों के खराब प्रदर्शन के बाद उनके कप्तान पर सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत और अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ अगले सीजन में कप्तानी गंवा सकते हैं। इस सीजन इन 5 प्लेयर्स की कप्तानी में उनकी टीम का खराब प्रदर्शन रहा है। ऐसे में फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट बदलाव की तैयारी में है।

ऋषभ पंत का सीजन स्पेशल नहीं रहा। उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) लगातार प्रेशर में नजर आई। पंत ने 12 मैच में 251 रन जरूर बनाए, लेकिन ज्यादातर मौकों पर टीम को जीत नहीं दिला सके। लखनऊ इस सीजन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। अब LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप रहा। टीम ने 12 मैच में सिर्फ 4 जीत हासिल की। MI प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। हार्दिक बैट और बॉल दोनों से असर नहीं छोड़ सके। उन्होंने सिर्फ 146 रन बनाए और 4 विकेट लिए।

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अक्षर पटेल भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। DC ने 12 मैच में सिर्फ 5 जीत दर्ज की। अक्षर ने 100 रन बनाए और 10 विकेट लिए। DC को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अपने सभी बाकी मुकाबले जीतने होंगे। इसके अलावा दूसरी टीमों के रिजल्ट पर भी डिपेंड रहना होगा।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। टीम 11 मैच में सिर्फ 4 जीत हासिल कर सकी। 6 में हार मिली और एक मैच बेनतीजा रहा। रहाणे ने अब तक 237 रन बनाए। उनकी कप्तानी की काफी आलोचना हुई। अब KKR के लिए हर मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम को अपने सभी बाकी मैच जीतने होंगे। साथ ही PBKS, RR और CSK की हार की भी उम्मीद करनी होगी।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में CSK ने कुछ मुकाबलों में अच्छा खेल दिखाया। गायकवाड़ ने 306 रन बनाए और 2 फिफ्टी भी लगाईं। अब प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए CSK को अपने बाकी दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। साथ ही टीम का नेट रन रेट भी काफी कमजोर है, इसलिए बड़ी जीत बेहद जरूरी होगा।
अगर फ्यूचर में कप्तानी की बात होती है, तो संजू सैमसन भी एक विकल्प बन सकते हैं। वह इस समय CSK स्क्वॉड का हिस्सा हैं। कप्तानी का अनुभव भी रखते हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा है कि अनुभव के आधार पर संजू को अगले सीजन से टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। ऋतुराज उपकप्तान रहकर अनुभव हासिल करेंगे।

