FIFA WC में मेसी को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं: रोनाल्डो के होटल का पता पूछा, फ्रांस के रेफरी को 6 हजार से ज्यादा धमकियां
Published: Updated:
3 min read

लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना टीम FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में हारी थी। उसे स्पेन ने 1-0 से हराकर दूसरी बार खिताब जीता था। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई को हुआ था, जिसमें स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीता था। इसी वर्ल्ड कप के दौरान कई फुटबॉलर्स, रेफरी और अधिकारियों को धमकियां मिली थीं। पुलिस डोजियर के मुताबिक, अर्जेंटीना टीम के कप्तान लियोनेल मेसी को ऑनलाइन और फोन पर सबसे ज्यादा धमकियां मिलीं।
स्पेनिश मीडिया आउटलेट Informacion.es के अनुसार, वर्ल्ड कप के दौरान आतंकी गतिविधियों, हिंसक घटनाओं और धमकियों के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अमेरिका और टूर्नामेंट में भाग लेने वाले देशों की सुरक्षा एजेसियों ने FBI के साथ मिलकर काम किया था।
बम और AR-15 लेकर स्टेडियम जाने की बात कही
इस दौरान एक सबसे गंभीर घटना डलास में हुई, जहां अर्जेंटीना और जॉर्डन के बीच मैच खेला गया था। एक व्यक्ति ने डलास एयरपोर्ट पर कॉल करके कहा था कि वो और उसके 2 साथी घर पर बने बम और AR-15 लेकर स्टेडियम जा रहे हैं। इस धमकी में मेसी का खास तौर पर नाम लेने के साथ पुलिस और दोनों टीम को भी टारगेट करने की बात कही थी।

इसके अलावा एक X यूजर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धमकी दी थी। उसने कहा था कि वो अपने शरीर पर बम बांधकर जाएगा और मेसी पर हमला करेगा। उसने यह धमकी अटलांटा में हुए अर्जेंटीना और इजिप्ट के मैच से पहले दी थी।
ये भी पढ़ें: फुटबॉल मैच में बिजली गिरी, एक प्लेयर की मौत: थाईलैंड में हुए हादसे का वीडियो वायरल, मलेशियाई फुटबॉलर समेत 9 घायल
डस्टबिन में बम रखने की भी धमकी
अटलांटा मैच के दौरान पुलिस को फोन पर जानकारी मिली थी कि स्टेडियम के अंदर तीन डस्टबिन में बम रखे गए हैं। इसके बाद एक्सप्लोसिव स्पेशलिस्ट, डॉग हैंडलर्स और K-9 टीम को स्टेडियम में तैनात किया और जांच की थी।
ये रिपोर्ट इंटरनेशनल सिक्योरिटी ऑपरेशन कॉर्डिनेटेड के तहत तैयार की गई, जिसे FBI और सेंटर फॉर इंटरनेशनल पुलिस कॉपरेशन ने मिलकर चलाया था।

रोनाल्डो को भी टारगेट किया गया
मेसी के अलावा पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को भी टारगेट किया गया। वर्ल्ड कप के दौरान रोनाल्डो को भी काफी परेशान किया गया। डोजियर के मुताबिक, FIFA के एक कर्मचारी ने 14 जून को अलर्ट जारी किया था। इसमें उसने बताया था कि एक संदिग्ध व्यक्ति पुर्तगाल के कप्तान (रोनाल्डो) कहां रहते हैं, इसके बारे में जानकारी मांग रहा था।
ये भी पढ़ें: रोनाल्डो का लग्जरी कार कलेक्शन: 'My Toys' लिखकर फोटो शेयर की; क्रिस्टियानो 380 करोड़ रुपए की कारों के मालिक
इसके बाद ह्यूस्टन पुलिस अलर्ट हुई और 16 जून को ही उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। संदिग्ध को उसी होटल से गिरफ्तार किया गया, जहां पुर्तगाल की टीम ठहरी हुई थी।
रेफरी Franois को 6 हजार से ज्यादा धमकियां
इनके अलावा मैच ऑफिशियल्स को भी धमकियां मिलीं। फ्रांस के रेफरी Franois Letexier को 6 हजार से ज्यादा WhatsApp धमकियां मिली थीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि खिलाड़ियों, रेफरी और बाकी अधिकारियों को क्या-क्या झेलना पड़ा होगा।

