फीफा वर्ल्ड कप 2026– दूसरा दिन: अमेरिका ने पैराग्वे को 4-1 से हराया; कनाडा Vs बोस्निया मैच 1-1 ड्रॉ रहा
Published:
3 min read

फोलैरिन बैलोगन (20 नंबर जर्सी) इस वर्ल्ड कप में गोल करने वाले पहले अमेरिकी खिलाड़ी बने।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन दो मेजबान देश अमेरिका (USA) और कनाडा ने अपने-अपने पहले मैच खेले। अमेरिका ने पैराग्वे को शिकस्त दी, जबकि कनाडा और बोस्निया के बीच मैच ड्रॉ रहा।
अमेरिका vs पैराग्वे
अमेरिका ने अपने पहले मैच में पैराग्वे को 4-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। यह मैच लॉस एंजेलिस में खेला गया। स्टेडियम में करीब 70 हजार से ज्यादा दर्शक मौजूद थे। अमेरिकी टीम ने मैच का पहला गोल 7वें मिनट में किया। यह गोल डेमियन बोबाडिला ने किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
फोलारिन बालोगुन इस मैच में दो गोल किए। पहला गोल क्रिस्टियन पुलिसिक के पास पर 31वें मिनट में किया। 45वें मिनट में मलिक टिलमैन ने गेंद को अच्छे से कंट्रोल करके बालोगुन को पास दिया और उन्होंने अपना दूसरा गोल कर दिया। इस तरह हाफ टाइम से पहले ही अमेरिका 3-0 से आगे हो गया।
दूसरे हाफ में कोच मॉरीशियो पोचेटीनो ने क्रिस्टियन पुलिसिक को आराम दिया। इस दौरान VAR का भी इस्तेमाल हुआ, जिसमें रेफरी ने पहले दिए गए पीले कार्ड को बदलकर सही फैसला लिया और मिगुएल अल्मिरोन को सिमुलेशन के लिए पीला कार्ड दिखाया।
पैराग्वे ने मैच में पीछे होने के बाद भी कोशिश जारी रखी। 73वें मिनट में जूलियो एनसिसो के साथ मिलकर मॉरीशियो ने एक तेज शॉट लगाया और एक गोल करके अपनी टीम की उम्मीदें जिंदा रखीं। हालांकि आखिर में अमेरिका ने अपनी बढ़त बनाए रखी। मैच के आखिरी समय में 90+8वें मिनट पर जियोवानी रेना ने एक शानदार शॉट लगाकर अमेरिका की जीत पक्की कर दी। इस तरह अमेरिका ने यह मुकाबला 4-1 से जीत लिया।

कनाडा vs बोस्निया
वही दूसरा मैच कनाडा और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बीच खेला गया, जो 1-1 से ड्रॉ रहा। मैच में सबसे पहले 21वें मिनट में बोस्निया-हर्जेगोविना ने गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। टीम के लिए यह गोल जोवो ल्युकिक ने किया। यह उनके इंटरनेशनल कॅरियर का पहला गोल है।
इसके बाद बोस्निया की टीम ने अच्छा खेल दिखाया और कनाडा को बराबरी करने के ज्यादा मौके नहीं दिए। पहले हाफ के एक्स्ट्रा टाइम में ल्युकिक को एक यलो कार्ड भी मिला। कई बार खेल रुकने के कारण रेफरी ने 5 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम दिया। पहले हाफ में बोस्निया 1-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ में कनाडा ने अपना खेल बदल दिया और ज्यादा आक्रामक होकर खेलने लगा। इसका फायदा 78वें मिनट में मिला, जब सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी साइल लैरिन ने शानदार गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इसी स्कोर के साथ मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस तरह दोनों टीमों ने वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में एक-एक पॉइंट हासिल किया।

