FIFA वर्ल्ड कप 2026: 13 हजार से 8 लाख रुपए तक है एक टिकट के दाम, कब तक खुली रहेगी विंडो, कैसे करें अप्लाई; जानें A टू Z सवालों के जवाब
Published:
9 min read

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का ओपनिंग मैच 11 जून को है। इस बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। (फोटो सोर्स: एडिडास फुटबॉल)
स्पोर्ट्स डेस्क। FIFA वर्ल्ड कप 2026 के लिए तीसरे दौर की टिकट विंडो खुली हुई है। महज एक हफ्ते में ही 2 करोड़ से ज्यादा एप्लीकेशन आ गए हैं। इससे पहले शुरुआती दो फेज में भी 20 लाख टिकट सेल हो चुकी हैं।
वर्ल्ड कप शुरू होने में 5 महीने से भी ज्यादा वक्त बाकी है। लेकिन हर दिन के साथ टिकट एप्लीकेशन भी बढ़ती जा रही हैं। इस आर्टिकल में हम यही बता रहे हैं कि अगर आप फुटबॉल फैन हैं और वर्ल्ड कप देखने जाने की इच्छा रखते हैं, तो आपको इसके लिए क्या-क्या करना होगा…
FIFA वर्ल्ड कप कब से कब तक चलेगा?
FIFA वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा। ओपनिंग मैच मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। यह मुकाबला मेक्सिको में 11 जून को खेला जाएगा, लेकिन भारत में तब 12 जून की रात 12.30 बज रही होगी।
इस वर्ल्ड कप की मेजबानी तीन नॉर्थ अमेरिकी देश कर रहे हैं। इसमें अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा शामिल हैं। अब तक 48 में से 43 टीम तय हो चुकी हैं। 5 टीमें भी जल्द तय होने वाली हैं।
इन 48 टीमों को 12 ग्रुप में रखा गया है। हर ग्रुप में 4 टीमें हैं। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 11 से 28 जून तक चलेंगे। इस दौरान में एक दिन में कभी 2 तो कभी 6 मुकाबले होंगे।
हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें अगले राउंड के लिए क्वालीफाई होंगी। 12 ग्रुप से 8 बेस्ट थर्ड प्लेस टीमों को भी नॉक ऑउट स्टेज में मौका मिलेगा। राउंड ऑफ 32 के मैच 29 जून से 4 जुलाई तक खेले जाएंगे। इसके बाद अगले 15 दिन में राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे। इस तरह कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।

अब तक कितनी टिकट सेल हुईं?
FIFA वर्ल्ड कप की पहली टिकट सेल 10 से 19 सितंबर तक चली। इसे वीजा प्री सेल ड्रा नाम दिया गया। दूसरी टिकट विंडो 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चली। इसे अर्ली टिकट ड्रा नाम दिया गया। इन दोनों फेज में कुल 20 लाख टिकट बेचे गए। हालांकि इन दोनों फेज तक वर्ल्ड कप का शेड्यूल सामने नहीं आया था। 5 दिसंबर को फिक्स्चर, वेन्यू और टाइम सामने आया। इसके एक हफ्ते बाद टिकट के लिए तीसरी विंडो ओपन हुई, जो अभी तक जारी है।
तीसरी टिकट विंडो कब से कब तक खुली रहेगी?
तीसरी टिकट विंडो ‘रेंडम सिलेक्शन ड्रा’ 11 दिसंबर से ओपन हुई है। यह 13 जनवरी तक खुली रहेगी। इस विंडो में फुटबॉल फैंस अपनी फेवरट टीम के शेड्यूल और वेन्यू के मुताबिक टिकट बुक कर सकते हैं। यह विंडो ओपन होते ही 24 घंटे के अंदर 50 लाख टिकट एप्लीकेशन मिल गए थे।

टिकट के दाम कितने हैं?
ग्रुप स्टेज में 22 जून को अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के बीच अमेरिका के डलास स्टेडियम में मुकाबला होना है। इसके लिए कैटगरी-1 के टिकट 700 डॉलर (63 हजार रुपए), कैटगरी-2 के टिकट 500 डॉलर (45 हजार रुपए) और कैटेगरी-3 के टिकट 265 डॉलर (24 हजार रुपए) के हैं।
वहीं, 13 जून को होने वाले कतर बनाम स्विटजरलैंड मुकाबले की दरें कम हैं। यह कैटगरी-1 के लिए 450 डॉलर (41 हजार रुपए), कैटगरी-2 के लिए 380 डॉलर (34 हजार रुपए) और कैटेगरी-3 के लिए 140 डॉलर (13 हजार रुपए) हैं।
तीनों मेजबान देशों में ओपनिंग मुकाबले की दरें और भी ज्यादा हैं। इन देशों के सभी मुकाबलों की टिकट भी अन्य मैचों की टिकट से महंगी हैं। यानी मैचों के हिसाब से टिकट दरें तय की गई हैं। नॉक आउट स्टेज में टिकट दरें और बढ़ती जाएंगी।
वैसे, ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक हर मैच के लिए चार कैटेगरी है। कैटेगरी-1 सबसे महंगी और कैटेगरी-4 सबसे सस्ती टिकट दर वाली है। हालांकि कैटेगरी-4 में बेहद कम सीट उपलब्ध हैं और यह केवल उन देशों के नागरिकों के लिए है, जिनकी टीमें वर्ल्ड कप खेल रही हैं। इसीलिए इसे ‘सपोर्टर एंट्री टिअर’ भी कहा गया है। इसके दाम 60 डॉलर (5,500 रुपए) हैं।
यानी भारत से अगर किसी को टिकट बुक करना है तो उसके पास तीन ही कैटेगरी बचती हैं। इन सभी के अलावा व्हीलचेयर यूजर्स, इजी एक्सेस स्टैंडर्ड और इजी एक्सेस एमनिटी कैटेगरी भी हैं। यह भी हर मैच के लिए तय तीन कैटगरी की रेंज में ही उपलब्ध हैं।

कैसे अप्लाई करें?
- FIFA की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर टिकट सेक्शन (fifa.com/tickets) खोलें। यहां अपनी FIFA ID बनाएं। अगर पहले से FIFA ID बनी हो तो सीधे लॉग इन करें।
- माय एप्लीकेशन पर जाएं। यहां रेंडम सिलेक्शन ड्रा पर क्लिक करें। अब आपके पास सभी वर्ल्ड कप मैचों का शेड्यूल सामने होगा। इसमें हर मैच का वेन्यू, टिकट प्राइस और अन्य डिटेल भी होगी। यहां आप ग्रुप मैच से लेकर फाइनल मैच तक का टिकट बुक कर सकते हैं।
- आपको मैच के शेड्यूल के नीचे Show More का विकल्प दिखेगा। यहां क्लिक करने से आपको कैटगरीवाइस टिकट दर मिलेगी।
- आप किसी एक कैटेगरी पर क्लिक करेंगे तो कितनी टिकट चाहिए, उसका विकल्प भी मिलेगा। यहां आप ज्यादा से ज्यादा 4 टिकट के लिए अप्लाई कर सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि FIFA के नियमों के मुताबिक, एक मैच के लिए एक आईडी से 4 टिकट ही बुक हो सकते हैं। एक आईडी से ओवरऑल अलग-अलग मैचों के 40 टिकट बुक किए जा सकते हैं।
- कैटगरी और टिकटों की संख्या डालने के बाद कंटिन्यू पर क्लिक करें।
- नेक्स्ट पेज में पेमेंट कार्ड की डिटेल पूछी जाएगी। यह डिटेल इसलिए डालना अनिवार्य है ताकि अगर आपको टिकट अलॉट होता है, तो ऑटोमेटिक पैसे कट जाएं। ऐसे में आपके अकाउंट में टिकट के लिए पर्याप्त फंड भी जमा होना चाहिए।
- कार्ड डिटेल डालने के बाद टर्म एंड कंडीशन को एक्सेप्ट करें और सबमिट बटन पर क्लिक करें।
- अब आपके पास एक कंफर्मेशन मैसेज आएगा कि आपकी एप्लीकेशन सबमिट हो गई है।
13 जनवरी को रेंडम सिलेक्शन ड्रा का विंडो बंद हो जाएगा। इसके बाद 5 फरवरी तक अलॉटमेंट होगा। अगर जिस मैच के लिए आपने अप्लाई किया है, उसके लिए एप्लीकेशन उपलब्ध सीट से कम हैं तो आसानी से टिकट मिल जाएगा। एप्लीकेशन ज्यादा होने पर रेंडमली सिलेक्शन (लॉटरी) होगा। अगर आप इसमें सफल रहते हैं तो आपको टिकट अलॉट होने का ई-मेल आएगा। इसी के साथ आपके पैसे भी कट जाएंगे।
क्या अलॉट होने के बाद टिकट कैंसिल हो सकता है?
टिकट कैंसिल नहीं होगा लेकिन आप इस टिकट को किसी और को बेच सकते हैं। लेकिन इस तरह खरीदी-बेची गई टिकट तभी मान्य होगी जब आप इसे FIFA के प्लेटफॉर्म से ट्रेड करें।
FIFA ने इसके लिए एक मार्केटप्लेस बनाया है। FIFA की वेबसाइट पर ही यह यह ऑप्शन रहेगा। यहां सेलर अपनी इच्छा से टिकट प्राइस डाल सकते हैं। अगर उस प्राइस पर कोई खरीदार मिलता है तो टिकट ट्रांसफर हो जाएगी। हालांकि इस ट्रेड पर FIFA सेलर और बायर दोनों से टिकट प्राइस पर 15% अतिरिक्त शुल्क वसूलेगा।
कुछ अनाधिकृत सेकेंडरी मार्केट पर भी टिकट खरीदी और बेची जाएंगी लेकिन FIFA ने ऐसे प्लेटफॉर्म से टिकट खरीदने पर अलर्ट दिया है। इस रेगुलेटरी बॉडी ने कहा है कि यह टिकट अमान्य हो सकती हैं।
अगर आपकी फेवरेट टीम नेक्स्ट राउंड में नहीं पहुंचती है और आपके पास आगे के मैचों के लिए टिकट हैं तो आप उसे सेल कर सकते हैं। (सोर्स: FIFA)
क्या टिकट खरीदने के और भी ऑप्शन हैं?
अगर पैसों की चिंता नहीं है और कंफर्म टिकट चाहिए तो ऑफिशियल हॉस्पिटैलिटी पैकेज ले सकते हैं। इसके लिए आपको हजारों डॉलर खर्च करना पड़ेंगे। इसमें आपके लिए प्रीमियम सीटिंग, लॉन्ज एक्सेस और डाइनिंग से लेकर स्टेडियम में ही प्राइवेट Suit जैसी सुविधाएं होंगी।
ऐसे में किसी एक मैच की टिकट खरीदनी हो तो इसके लिए आपको 10 गुना तक ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। इसमें भी अलग-अलग ऑप्शन हैं। इसे ऐसे समझें..
13 जून को होने वाले ब्राजील बनाम मोरक्को ग्रुप मुकाबले के लिए 3,380 डॉलर यानी 3 लाख तक खर्च करने होंगे।
एक वेन्यू पर होने वाले 4 से 9 मैचों के लिए अलग कैटगरी है। जैसे- अटलांटा स्टेडियम पर होने वाले सभी 8 मुकाबलों के लिए 36,300 डॉलर यानी 33 लाख का पैकेज है।
किसी एक टीम के सभी मैच के लिए भी हॉस्पिटैलिटी पैकेज मौजूद हैं। फिलहाल इसमें ग्रुप स्टेज के मैचों की प्राइस है, जो 2000 डॉलर/मुकाबले तक है, अगर टीम आगे बढ़ती है तो नॉक ऑउट राउंड के लिए इसमें इजाफा होता जाएगा। इसके अलावा प्लेटिनम एक्सेस जैसे ऑप्शन भी हैं, जिनमें और लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
क्या फाइनल मुकाबले तक टिकट खरीदी जा सकेगी?
जी हां। FIFA मार्केट प्लेस और हॉस्पिटैलिटी पैकेज पर टिकट अगर उपलब्ध रहे तो यह आखिरी दिन तक खरीदे जा सकेंगे। इसके साथ ही अगर रेंडम सिलेक्शन ड्रॉ (11 दिसंबर से 13 जनवरी) के बाद भी FIFA की मेन इन्वेंट्री में टिकट बची रहती हैं तो FIFA की वेबसाइट से भी टिकट खरीदी जा सकेंगी। तब इसके लिए किसी ड्रॉ की जरूरत नहीं होगी। यह फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के बेसिस पर मिलेंगी। यह तब तक चलता रहेगा, जब तक टिकट उपलब्ध रहेंगी। हालांकि इनके प्राइस में चेंज आ सकता है।
क्या टिकट मिलने के बाद मैच देखना पक्का?
ऐसा नहीं है। टिकट आपको स्टेडियम में एंट्री की परमिशन देता है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में एंट्री के लिए आपको पासपोर्ट और वीजा की दरकार होगी। सबसे पहले आपको पासपोर्ट बनवाना होगा। इसके बाद जिस देश में आपको मैच देखने जाना है, उस देश के लिए वीजा अप्लाई करना होगा। आमतौर पर पासपोर्ट एक महीने के अंदर आ जाता है। वीजा मिलने में कई बार देरी होती है। हालांकि मेजबान देशों ने फुटबॉल फैंस को वीजा देने में प्राथमिकता देने की बात कही है। पासपोर्ट, टिकट और वीजा कंफर्म होने के बाद आपको फ्लाइट टिकट और वर्ल्ड कप मैच वेन्यू में होटल बुकिंग का भी ध्यान रखना होगा।

