साउथ अफ्रीका पहली बार FIFA WC के नॉकआउट में: मेजबान कनाडा की भी एंट्री, नेमार की वापसी हुई; 14वें दिन के नतीजे
Published:
3 min read

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले की एक तस्वीर।
स्पोर्ट्स डेस्क। साउथ अफ्रीका ने पहली बार FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में जगह बनाकर इतिहास रच दिया। मेजबान कनाडा को भी राउंड ऑफ-32 में जगह मिल गई है। टूर्नामेंट के 14वें दिन ब्राजील, मोरक्को, स्विट्जरलैंड, मेक्सिको और बोस्निया-हर्जगोविना ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते। इस तरह ग्रुप ए से लेकर सी तक यानी तीन ग्रुप की तस्वीर साफ हो गई है। इन तीन ग्रुप से 6 टीमें अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। जबकि 3 टीमों की किस्मत सभी ग्रुप मुकाबले पूरे होने पर और बेस्ट 8 थर्ड प्लेस टीमों की रैंकिंग पर टिकी होगी।
दक्षिण अफ्रीका ने रचा इतिहास
साउथ अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर पहली बार विश्व कप के नॉकआउट राउड में जगह बनाई। टीम की शुरुआत खराब रही थी और उसे पहले मैच में मेक्सिको के खिलाफ 2-0 से हार मिली थी। लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने वापसी करते हुए चेक गणराज्य से ड्रॉ खेला और फिर दक्षिण कोरिया को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
मैच का एकमात्र गोल थापेलो मासेको ने 63वें मिनट में किया। दक्षिण कोरिया ने बराबरी की पूरी कोशिश की, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। अब दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला अगले दौर में कनाडा से होगा।

मेक्सिको ने जीता लगातार तीसरा मैच
मेजबान मेक्सिको ने चेक गणराज्य को 3-0 से हराकर ग्रुप राउंड का अंत किया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में मेक्सिको ने कमबैक दिखाया। मातेओ चावेज ने पहला गोल किया, जबकि जूलियन क्विनोनेस ने बढ़त को दोगुना कर दिया। इंजरी टाइम में अल्वारो फिडाल्गो ने तीसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ मेक्सिको ने तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में पहला स्थान हासिल किया।

स्विट्जरलैंड और कनाडा पहुंचे अगले दौर में
ग्रुप बी में स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराकर टाॅप स्थान हासिल किया। हालांकि हार के बावजूद कनाडा ने भी इतिहास रचते हुए पहली बार फीफा के नॉकआउट चरण में जगह बनाई। इसी ग्रुप के दूसरे मुकाबले में बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराया। 18 साल केरीम अलाजबेगोविच ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद एक गोल और एर्मिन माहमिक के गोल ने बोस्निया की जीत पक्की की। हालांकि टीम को अगले दौर में पहुंचने के लिए अन्य परिणामों का इंतजार करना होगा।

मोरक्को और ब्राजील का दमदार प्रदर्शन
ग्रुप सी में मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर नॉकआउट में जगह बनाई। हैती ने मैच में दो बार बढ़त हासिल की, लेकिन मोरक्को ने वापसी करते हुए जीत अपने नाम कर ली। अचरफ हकीमी और सूफियान रहीमी टीम की जीत के हीरो रहे। वहीं ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर ग्रुप में टाॅप स्थान हासिल किया। विनीसियस जूनियर ने दो गोल किए, जबकि मैथियस कुन्हा ने एक गोल दागा। मैच का सबसे भावुक पल तब आया जब खिलाड़ी नेमार बड़े दिनों बाद वर्ल्ड कप मुकाबले में मैदान पर उतरे। नेमार की वापसी और ब्राजील की जीत ने फैन्स को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया।

