FIFA World Cup 2026-23622: इंजरी के चलते ग्रुप स्टेज से बाहर हो सकते है नेमार, पहले मुकाबले में भी नहीं खेले थे
Published: Updated:
3 min read

17 मई 2026 को सैंटोस क्लब के लिए खेलते समय नेमार की पिंडली में चोट लग गई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के खिलाड़ी नेमार अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं।रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ग्रुप स्टेज के बाकी मुकाबलों में भी नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील के लिए नॉकआउट में पहुंचने की राह और कठिन हो सकती है।
ग्रुप स्टेज में नहीं खेल पाएंगे नेमार
ब्राजील के फॉरवर्ड नेमार को 17 मई को अपने क्लब सैंटोस के लिए खेलते समय पिंडली (काफ) में चोट लग गई थी। चोट लगने के बावजूद उन्हें ब्राजील की 26 सदस्यीय वर्ल्ड कप कप टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। नेमार ने ब्राजील का पहला मैच मोरक्को के खिलाफ नहीं खेला था। अब खबरें हैं कि वह ग्रुप स्टेज के बाकी मैचों में भी मैदान पर नजर नहीं आएंगे। वह लगातार मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और उनकी फिटनेस पर नजर रखी जा रही है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेमार ने हाल ही में फिर से मेडिकल टेस्ट कराया है। हालांकि, ब्राजीलियन फुटबॉल फेडरेशन (CBF) ने अभी तक टेस्ट की ऑफिशियल रिपोर्ट जारी नहीं की है। 34 साल के नेमार ने सोमवार को टीम के प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा नहीं लिया।

कोच एंसेलोटी ने क्या कहा?
मोरक्को के खिलाफ मैच से पहले ब्राजील के हेड कोच कार्लो एंसेलोटी ने नेमार की फिटनेस पर बात करते हुए कहा था कि खिलाड़ी तेजी से रिकवरी की कोशिश कर रहा है। एंसेलोटी ने कहा-नेमार जल्द से जल्द फिट होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अगले वीक तक टीम के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए उनकी वापसी को लेकर अभी भी कुछ क्लियर नहीं हुआ है।

ब्राजील के लिए दिक्कत
ब्राजील ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ 1-1 की बराबरी के साथ की थी। टीम को अब अगले मैचों में जीत हासिल करना बेहद जरूरी है ताकि वह नॉकआउट स्टेज में जगह बना सके। ब्राजील अब अपना दूसरा ग्रुप मैच 19 जून को हैती के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम 24 जून को स्कॉटलैंड से भिड़ेगी।
भारत में कहां देखें ब्राजील के मैच?
भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ब्राजील के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण Zee5 ऐप और वेबसाइट पर देखा जा सकता है। फुटबॉल फैन्स वहां लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

ब्राजील 5 बार वर्ल्ड कप जीता है
ब्राजील फीफा वर्ल्ड कप की सबसे कामयाब टीम मानी जाती है। टीम ने अब तक रिकॉर्ड 5 बार वर्ल्ड कप जीता है, जो किसी भी दूसरे देश से ज्यादा है। ब्राजील ने अपना पहला वर्ल्ड कप साल 1958 में जीता था। इसके बाद टीम ने 1962, 1970, 1994 और 2002 में भी खिताब अपने नाम किया।

