मेक्सिको FIFA WC नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम: कनाडा vs कतर मैच में प्लेयर्स के बीच लड़ाई; कतर टीम के दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड
Published: Updated:
3 min read

मैक्सिको के प्लेयर गोल करने के बाद जश्न मानते हुए।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार (19 जून) को तीन मैच खेले गए। पहले मैच में मेक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराया। वह राउंड ऑफ 32 यानी नॉकआउट में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। दूसरी ओर कनाडा ने कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी। इसी मैच के बाद मैदान पर खिलाड़ियों और कोच के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। तीसरे मैच में स्विट्जरलैंड ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराया।
कतर के 2 प्लेयर को रेड कार्ड मिला
कनाडा और कतर के बीच वैंकूवर में खेला गया ग्रुप-बी मुकाबला एक तरफा रहा। मैच के 16वें मिनट में साइल लारिन ने गोल कर कनाडा टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जोनाथन डेविड ने 29वें मिनट में वॉली से स्कोर 2-0 किया। कतर की मुश्किलें 33वें मिनट में बढ़ गईं जब होमाम अहमद को खतरनाक टैकल के लिए रेड कार्ड दिखा दिया गया।
पहले हाफ के इंजरी टाइम में डेविड ने अपना दूसरा गोल कर कनाडा को 3-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में मैच का सबसे चिंताजनक पल तब आया जब कतर के असिम मदीबो के टैकल से कनाडा के मिडफील्डर इस्माइल कोने गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। इस घटना के बाद मदीबो को भी सीधे रेड कार्ड दिखाया गया और कतर नौ खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गया।
मैच खत्म होते ही दोनों टीम के खिलाड़ियों में लड़ाई
इसके बाद कनाडा ने दबाव बनाए रखा। नाथन सलीबा ने फ्री-किक पर गोल किया, जबकि कतर के मोहम्मद मनई से ओन गोल हो गया। मैच के आखिरी टाइम में जोनाथन डेविड ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और कनाडा को 6-0 की जीत दिलाई। वह इस वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।
हालांकि मुकाबले के बाद माहौल गर्म हो गया। आखिरी सीटी बजते ही दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए और मैदान पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कनाडा के खिलाड़ी इस्माइल कोने की चोट और कतर के आक्रामक टैकल से नाराज थे। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कनाडा के कोच जेसी मार्श और कतर के कोच जुलेन लोपेटेगी भी बहस करते नजर आए। इस मुकाबले को देखने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो भी स्टेडियम में मौजूद थे।

जोहान मंजाम्बी ने दो गोल दागे
उधर, लॉस एंजिलिस के सोफी स्टेडियम में स्विट्जरलैंड ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। पहले मैच में कतर के खिलाफ ड्रॉ खेलने वाली स्विस टीम ने इस बार अच्छा परफॉर्मेंस किया किया। जोहान मंजाम्बी ने दो गोल दागे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस नतीजे से स्विट्जरलैंड ने नॉकआउट की उम्मीदें मजबूत कर ली हैं।

मेक्सिको नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम
दिन की खास बात रही मेक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर नॉकआउट में जगह पक्की कर ली। मैच का एकमात्र गोल लुइस रोमो ने 50वें मिनट में किया। कोरिया के गोलकीपर किम सियुंग-ग्यु और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच हुई गलतफहमी का फायदा उठाते हुए रोमो ने आसान गोल दाग दिया। यह मेक्सिको की लगातार दूसरी जीत रही।

