FIFA वर्ल्ड कप 2026-24154: ईरान ने बेल्जियम को ड्रॉ पर रोका, स्पेन ने सऊदी अरब के खिलाफ 4 गोल दागे; कैसे रहे 11वें दिन के नतीजे
Published: Updated:
3 min read

वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ गोल का जश्न मनाते इजिप्ट के खिलाड़ी।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मैचडे-11 में उलटफेर और देखने को मिला। इजिप्ट ने वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि कोबे वर्डे ने उरुग्वे को ड्रॉ पर रोककर एक और बड़ा उलटफेर किया। वहीं ईरान और बेल्जियम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा, जबकि स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की।
ईरान और बेल्जियम का मैच ड्रॉ रहा
ग्रुप-जी के मैच में ईरान और बेल्जियम के बीच मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। बेल्जियम ने काफी समय गेंद पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन ईरान के गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवंद ने कई बचाव कर टीम को मैच में बनाए रखा। 66वें मिनट में बेल्जियम के नाथन न्गोय को रेड कार्ड दिखाया गया, जिसके बाद ईरान ने मैच पर कंट्रोल बना लिया। ईरान को गोल करने का एक अच्छा मौका भी मिला, लेकिन मेहदी तारेमी का गोल ऑफसाइड करार दिया गया। आखिरकार दोनों टीम को एक-एक पाॅइट मिला।

स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से रौंदा
स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। युवा लामिन यामाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद मिकेल ओयारजाबाल ने 21वें और 24वें मिनट में लगातार दो गोल कर स्पेन को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत में सऊदी अरब के डिफेंडर हसन अल तंबाक्ती के आत्मघाती गोल ने स्पेन की बढ़त 4-0 कर दी। इसके बाद स्पेन ने पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा और आसानी से जीत अपने नाम कर ली।
केप वर्डे ने उरुग्वे को फिर चौंकाया
उरुग्वे और केप वर्डे के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। केप वर्डे ने अपने पहले वर्ल्ड कप में लगातार दूसरा पॉइंट हासिल किया। 21वें मिनट में केविन पीना ने फ्री-किक पर गोल कर केप वर्डे को बढ़त दिलाई। हालांकि पहले हाफ के अंत में मैक्सी अराउजो और अगस्टिन कैनोब्बियो के गोलों की बदौलत उरुग्वे ने 2-1 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में हेलियो वरेला ने उरुग्वे की गलती का फायदा उठाकर बराबरी का गोल कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी विनिग गोल नहीं कर सका।

इजिप्ट ने दर्ज की पहली वर्ल्ड कप जीत
ग्रुप-जी के मुकाबले में इजिप्ट ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत न्यूजीलैंड के लिए रही और 15वें मिनट में फिन सर्मन ने कॉर्नर पर हेडर लगाकर टीम को बढ़त दिला दी। पहले हाफ तक न्यूजीलैंड 1-0 से आगे था।

दूसरे हाफ में इजिप्ट ने जबरदस्त वापसी की। 58वें मिनट में मोस्तफा जीको ने मोहम्मद जानी के क्रॉस पर हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 69वें मिनट में मोहम्मद सलाह ने जीको के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए गोल दागकर इजिप्ट को बढ़त दिला दी। 82वें मिनट में सब्स्टीट्यूट ट्रेजेगुएट ने सलाह के कॉर्नर पर हेडर लगाकर तीसरा गोल किया और टीम की 3-1 से जीत पक्की कर दी।

