फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 आज से: इस बार प्राइज मनी 49% ज्यादा, कब-कहां देख सकेंगे मैच, जानिए शेड्यूल-वेन्यू और सबकुछ
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज (11 जून) होने जा रहा है। फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। पिछला वर्ल्ड कप कतर की मेजबानी में हुआ था। उसके मुकाबले इस बार प्राइज मनी करीब 49% बढ़ाई गई है।
भारतीय फुटबॉल फैन्स इस वर्ल्ड कप के मैच कब और कहां देख सकेंगे? कितनी टीम, मैच और उनका शेड्यूल क्या होगा? कितने वेन्यू और प्लेयर होंगे? आइए जानते हैं इस तरह के कई सवालों के जवाब…
इस बार 48 टीम में 1248 प्लेयर
इस बार वर्ल्ड कप पिछले सीजन के मुकाबले काफी बड़ा होने वाला है। पिछले वर्ल्ड कप में 32 टीमें थीं। इस बार 48 होंगी, जो FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा। सभी 48 टीम में 1248 प्लेयर हैं।

मैच की टाइमिंग
इस बार वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में हो रहा है। ऐसे में भारत में टाइमिंग को लेकर कुछ लोगों के लिए थोड़ा कन्फ्यूजन हो सकता है। जैसे वर्ल्ड कप का पहला मैच 11 जून को होगा, लेकिन टाइमिंग भारतीय समयानुसार रात को 12.30 बजे रहेगी। ऐसे में इंडिया में 12 जून हो जाएगा। इसी तरह फाइनल भारत में रात को 12.30 बजे से होगा। ऐसे में दूसरा दिन (20 जुलाई) लग जाएगा।
हालांकि कुछ मैच भारतीय समयानुसार रात 9.30 और 10.30 बजे भी खेले जाएंगे। ग्रुप स्टेज के दौरान इसमें दो मैच पुर्तगाल के हैं, जिससे क्रिस्टियानो रोनाल्डो खेलते हैं। एक मैच अर्जेंटीना का है, जिससे लियोनल मेसी खेलते हैं।
FIFA वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल और मैच की टाइमिंग देखने के लिए यहां क्लिक करें...
भारतीय फैन्स कहां मैच देख सकेंगे
भारत में FIFA वर्ल्ड कप के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स जी (Zee) ग्रुप ने खरीदे हैं। ऐसे में भारतीय फैन्स वर्ल्ड कप के मैच टीवी चैनल यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क (Unite8 Sports Network) पर देख सकेंगे। जबकि लाइव स्ट्रीमिंग Zee5 एप और FIFA की वेबसाइट पर होगा। यानी मोबाइल यूजर्स जी5 एप पर मैच देख सकेंगे।
Zee ने फीफा वर्ल्ड कप से पहले यह चैनल यूनाइट8 स्पोर्ट्स लॉन्च किया है। यहां कमेंट्री हिंदी और इंग्लिश में ही होगी।

फॉर्मेट
सभी 48 टीमों को 4-4 के 12 ग्रुप में बांटा गया है। फाइनल समेत कुल 104 मैच होंगे। पहले ग्रुप स्टेज, फिर राउंड ऑफ 32, राउंड ऑफ 16, क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और आखिर में फाइनल होगा। यहां देखिए पूरा फॉर्मेट…
- 11 से 28 जून तक ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे।
- 29 जून से 4 जुलाई तक राउंड ऑफ 32 के मैच होंगे।
- 4 जुलाई को ही राउंड ऑफ 16 के दो मैच होंगे। यह राउंड 8 जुलाई तक चलेगा।
- 10 से 12 जुलाई तक 4 क्वार्टरफाइनल मैच होंगे।
- 15 और 16 जुलाई को दो सेमीफाइनल खेले जाएंगे।
- 19 जुलाई को तीसरे नंबर के लिए मुकाबला होगा।
- 20 जुलाई को खिताबी मैच यानी फाइनल न्यू जर्सी में खेला जाएगा।

FIFA वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप्स
ग्रुप A: मैक्सिको, साउथ अफ्रीका, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, चेकिया
ग्रुप B: कनाडा, स्विट्जरलैंड, कतर, बोस्निया एंड हर्जेगोविना
ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, स्कॉटलैंड, हैती
ग्रुप D: US, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, टर्की
ग्रुप E: जर्मनी, इक्वाडोर, आइवरी कोस्ट, कुराकाओ
ग्रुप F: नीदरलैंड्स, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया
ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप H: स्पेन, उरुग्वे, सऊदी अरब, केप वर्डे
ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, नॉर्वे, ईरान
ग्रुप J: अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया, अल्जीरिया, जॉर्डन
ग्रुप K: पुर्तगाल, कोलंबिया, DR कांगो, उज्बेकिस्तान
ग्रुप L: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा

16 वेन्यू
USA (11 वेन्यू)
- अटलांटा: अटलांटा स्टेडियम
- बोस्टन: बोस्टन स्टेडियम
- डलास: डलास स्टेडियम
- ह्यूस्टन: ह्यूस्टन स्टेडियम
- कैनसस सिटी: कैनसस सिटी स्टेडियम
- लॉस एंजिल्स: लॉस एंजिल्स स्टेडियम
- मियामी: मियामी स्टेडियम
- न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी: न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम
- फिलाडेल्फिया: फिलाडेल्फिया स्टेडियम
- सैन फ्रांसिस्को बे एरिया: सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम
- सिएटल: सिएटल स्टेडियम
कनाडा (2 वेन्यू)
- टोरंटो: टोरंटो स्टेडियम
- वैंकूवर: BC प्लेस वैंकूवर
मेक्सिको (3 वेन्यू)
- मैक्सिको सिटी: मैक्सिको सिटी स्टेडियम
- गुआडालाहारा: एस्टाडियो ग्वाडालाहारा
- मॉन्टेरी: एस्टाडियो मॉन्टेरी

