FIFA वर्ल्ड कप के फाइनल की पिच भी बिकेगी: इससे 106 करोड़ कमाई का अनुमान; छोटे-छोटे टुकड़ों में पिच बेचने का प्लान, जानिए कीमत
Published: Updated:
2 min read

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक अजीब सा मामला सामने आ रहा है। FIFA ने फाइनल जिस मैदान पर होगा, उसकी पिच को बेचने का प्लान बनाया है। इस पिच को छोटे-छोटे टुकड़ों में बेचा जाएगा। यदि पूरी पिच बिकती है तो इससे करीब 11.2 मिलियन डॉलर यानी करीब 106 करोड़ (भारतीय रुपए) मिलने की उम्मीद जताई है।
फाइनल के बाद भेजे जाएंगे पिच के टुकड़े
फाइनल मुकाबला अमेरिका के न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में होगा। यह बिक्री ऑनलाइन होगी। यह पिच के टुकड़े 19 जुलाई को होने वाले फाइनल मैच के बाद ही भेजे जाएंगे। इन्हें सिर्फ अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप के एड्रेस पर ही भेजे जा सकेंगे।
पिच को 3 अलग-अलग साइज के टुकड़ों में बेचा जाएगा। इसकी शुरुआती कीमत 450 डॉलर (करीब 43 हजार रुपए) बताई जा रही है। पिच के टुकड़े की घास को सुरक्षित रखने के लिए रेजिन में पैक किया जाएगा।

एक USB भी साथ मिलेगी
पिच के टुकड़े को ऐक्रेलिक केसिंग (Acrylic Casing) यानी प्लास्टिक के ट्रांसपेरेंट्स बॉक्स में रखकर भेजा जाएगा। इस बॉक्स पर FIFA वर्ल्ड कप 2026 का लोगो, वेन्यू, तारीख और फाइनल मैच का स्कोर लिखा होगा। साथ ही एक USB भी मिलेगी जिसमें पिच के असली होने का भी सबूत रहेगा।
बॉल और ट्रॉफी की रेप्लिका भी मिलेगी
फीफा के मुताबिक, पिच के कुछ टुकड़ों का साइज 2.5″ x 2.5″ x 2.5″ और 3″ x 3″ x 3″ का रहेगा। पिच के टुकड़े के साथ सोने की नक्काशी वाला मेटल का यादगार टिकट, वर्ल्ड कप फाइनल में इस्तेमाल होने वाली फुटबॉल की रेप्लिका और क्रिस्टल-कट ग्लास की वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी मिलेगी।

