काबो वर्डे FIFA WC नॉकआउट में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश: इजिप्ट को भी पहली बार एंट्री मिली, ईरान की उम्मीदें बरकरार; 16वें दिन के नतीजे
Published:
3 min read

ग्रुप G के मुकाबले में इजिप्ट और ईरान का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।
स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज का 16वें दिन बेहद रोचक रहा। काबो वर्डे ने सऊदी अरब को ड्रॉ पर रोक कर नॉकआउट में पहुंचने वाले सबसे छोटे देश का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वहीं इजिप्ट ने पहली बार वर्ल्ड कप नॉकआउट में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की। ईरान के लिए दिन मिला-जुला रहा। उसने लगातार तीसरा मुकाबला ड्रॉ खेला। अब उसे अगले राउंड की टिकट के लिए ग्रुप स्टेज के बाकी बचे 6 मुकाबलों के नतीजों का इंतजार करना होगा।
ईरान की उम्मीदें अभी बाकी
ग्रुप जी के मुकाबले में इजिप्ट और ईरान का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। इजिप्ट ने पांचवें मिनट में महमूद साबेर के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन ईरान ने जल्द ही वापसी करते हुए रामिन रेजाइयान के गोल की बदौलत बराबरी कर ली। इंजरी टाइम में शोजा खलीलजादेह ने गोल कर ईरान को बढ़त दिला दी थी, लेकिन VAR जांच में यह गोल ऑफसाइड करार दिया गया। इसके चलते मुकाबला 1-1 से खत्म हुआ। इजिप्ट सीधे राउंड ऑफ 32 में पहुंच गया, जबकि तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद ईरान के पास भी अगले दौर में पहुंचने का मौका बना हुआ है।

बेल्जियम ने न्यूजीलैंड को 5-1 से हराया
बेल्जियम को ग्रुप में पहला स्थान हासिल करने के लिए बड़ी जीत चाहिए थी और टीम ने यह काम शानदार अंदाज में पूरा किया। उसने न्यूजीलैंड को 5-1 से हराया। लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने दो गोल किए, जबकि केविन डी ब्रूने, रोमेलू लुकाकू और एलेक्सिस सालेमेकर्स ने भी गोल दागे। लुकाकू दूसरे हाफ में बेंच से उतरे और कुछ ही मिनटों में एक गोल करने के साथ एक गोल कराने में भी सफल रहे। इस जीत के साथ बेल्जियम गोल अंतर के आधार पर ग्रुप जी में टॉप पर पहुंच गया। न्यूजीलैंड की टीम एक अंक के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
डेम्बेले की हैट्रिक
ग्रुप आई में फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। खिलाड़ी उस्मान डेम्बेले ने पहले हाफ में ही हैट्रिक पूरी कर दी। उन्होंने सातवें, 20वें और 32वें मिनट में गोल किए। फ्रांस ने ग्रुप में 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बनाए रखते हुए पहले स्थान पर कब्जा किया।

सेनेगल ने इराक को 5-0 से हराया
सेनेगल ने इराक को 5-0 से हराकर नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत कर लीं। यह वर्ल्ड कप इतिहास में किसी अफ्रीकी टीम की पांच गोल से पहली जीत भी रही। हबीब डियारा, इस्माइला सार और पापे गुएए ने शानदार प्रदर्शन किया। इराक को मैच के शुरुआती मिनटों में ही एक खिलाड़ी के रेड कार्ड मिलने से बड़ा नुकसान हुआ।
काबो वर्डे ने रचा इतिहास
वर्ल्ड कप में पहली बार खेल रही केप वर्डे ने सऊदी अरब के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ कर दिया। टीम ने अपने तीनों ग्रुप मैचों में हार नहीं मानी और ग्रुप एच में दूसरे स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली। अब उसका सामना मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से होगा।

स्पेन ने उरुग्वे को किया बाहर
स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हराकर ग्रुप एच में पहला स्थान हासिल किया। एलेक्स बैना ने मैच का एकमात्र गोल किया। उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुस्लेरा की एक और गलती टीम पर भारी पड़ी। इस हार के साथ दो बार की वर्ल्ड कप चैंपियन उरुग्वे बिना एक भी जीत दर्ज किए टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

