इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर उलटफेर किया: नॉकआउट में जगह बनाई, मेजबान अमेरिका को तुर्किये ने मात दी; FIFA World Cup 2026 में 15वें दिन के रिजल्ट
Published:
4 min read

कुरासाओ को 2-0 से हराने के बाद इस जीत के साथ आइवरी कोस्ट ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट दौर में पहली बार जगह बनाई।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज का 15वां दिन रोमांच से भरपूर रहा। कई टीम ने जीत के साथ नॉकआउट में जगह पक्की की, जबकि कुछ टीमों का सफर खत्म हो गया। सबसे बड़ा उलटफेर इक्वाडोर ने किया, जिसने मजबूत जर्मनी को 2-1 से हरा दिया। वहीं मेजबान अमेरिका को आखिरी मिनट में तुर्किये से हार का सामना करना पड़ा।
मैच शुरू होने के दो मिनट बाद गोल हो गया
ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में इक्वाडोर की जीत रही। जर्मनी पहले ही अगले दौर में पहुंच चुका था, लेकिन इसके बावजूद उसने अपनी मजबूत टीम उतारी। मैच शुरू होने के सिर्फ दो मिनट बाद लिरॉय साने ने गोल करके जर्मनी को बढ़त दिला दी। ऐसा लगा कि जर्मनी आसानी से मैच जीत जाएगा, लेकिन इक्वाडोर ने शानदार वापसी की। निल्सन अंगुलो ने बराबरी का गोल किया और फिर मैच के आखिरी समय में गोंजालो प्लाटा ने गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी। इस जीत के साथ इक्वाडोर ने नॉकआउट में जगह बना ली।

निकोलस पेपे ने दोनों गोल किए
दूसरे मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने कुरासाओ को 2-0 से हराया। निकोलस पेपे ने दोनों गोल किए और अपनी टीम को इतिहास रचने में मदद की। आइवरी कोस्ट पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ने में सफल रहा। वहीं पहली बार वर्ल्ड कप खेलने वाली कुरासाओ की टीम का सफर यहीं समाप्त हो गया।
नीदरलैंड ने ट्यूनीशिया को 3-1 हराया
ग्रुप F में नीदरलैंड ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। मैच की शुरुआत से ही नीदरलैंड ने दबाव बनाया और शुरुआती सात मिनट में दो गोल कर दिए। इसके बाद भी टीम ने बढ़त बनाए रखी और आसान जीत दर्ज की। अब उसका सामना अगले दौर में मोरक्को से होगा।

जापान और स्वीडन के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। दूसरे हाफ में जापान ने पहले गोल किया, लेकिन कुछ ही मिनट बाद स्वीडन ने बराबरी कर ली। ड्रॉ के बाद जापान ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा और अब उसका मुकाबला ब्राजील से होगा। वहीं स्वीडन भी बेहतर तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होकर अगले दौर में पहुंच गया।

ऑस्ट्रेलिया और पैराग्वे के बीच मैच 0-0 से ड्रॉ
ऑस्ट्रेलिया और पैराग्वे के बीच मैच 0-0 से ड्रॉ रहा। दोनों टीमों ने पूरे मैच में ज्यादा जोखिम नहीं लिया। इस एक अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया नॉकआउट में पहुंच गया, जबकि पैराग्वे की उम्मीदें खत्म हो गईं।
तुर्किये ने अमेरिका को हराया
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला अमेरिका और तुर्किये के बीच खेला गया। अमेरिका ने मैच की शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी, लेकिन तुर्किये ने शानदार वापसी करते हुए पहले बराबरी की और फिर बढ़त हासिल कर ली। अमेरिका ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया, लेकिन इंजरी टाइम के आठवें मिनट में कान आयहान ने गोल करके तुर्किये को 3-2 से जीत दिला दी। हालांकि हार के बावजूद अमेरिका अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहा और नॉकआउट में पहुंच गया।

