अर्जेंटीना-फ्रांस राउंड ऑफ-32 में: जॉर्डन FIFA वर्ल्ड कप 2026 से बाहर; जानिए 12वें दिन के मैचों का रिजल्ट
Published: Updated:
3 min read

फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 का 12वां दिन कई बड़े मुकाबलों और रिकॉर्ड्स के नाम रहा। अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को हराकर नॉकआउट राउंड में जगह बना ली, जबकि फ्रांस और नॉर्वे ने भी अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज कर अगले राउंड में पहुंच गए है। वहीं अल्जीरिया ने वापसी करते हुए जॉर्डन को हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं।
अर्जेंटीना की टीम पहुंची अगले दौर में
अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे के मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया। टीम की जीत के हीरो कप्तान लियोनेल मेसी रहे, जिन्होंने दोनों गोल दागे। मैच की शुरुआत में उन्हें पेनल्टी पर गोल करने का मौका मिला था, लेकिन वह चूक गए। इसके बाद मेसी ने शानदार वापसी करते हुए दो गोल किए और वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली।

चार घंटे तक चला मुकाबला, फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराया
फ्रांस और इराक के बीच खेला गया मुकाबला मौसम की वजह से करीब चार घंटे तक चला। फिलाडेल्फिया में खेले गए इस मैच के दौरान तूफान और खराब मौसम के कारण खेल रोकना पड़ा। हालांकि खेल दोबारा शुरू होने पर फ्रांस ने अच्छा प्रदर्शन किया। किलियन एम्बाप्पे ने मैच में दो गोल किए और अपनी टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। यह फ्रांस के लिए उनका 100वां इंटरनेशनल मैच भी था। एम्बाप्पे के अलावा उस्मान डेम्बेले ने भी एक गोल किया। 3-0 की जीत के साथ फ्रांस ने नॉकआउट राउंड में जगह बना ली।

नॉर्वे, सेनेगल को हराकर पहुंचा अगले राउंड में
नॉर्वे ने सेनेगल मुकाबले में 3-2 से हराया। स्ट्राइकर एरलिंग हालैंड ने दो गोल दागे। इससे पहले भी उन्होंने ईरान के खिलाफ दो गोल किए थे। हालैंड के इंटरनेशनल कॅरियर में अब 52 मैचों में 59 गोल हो चुके हैं। नॉर्वे की टीम पिछले 18 मुकाबलों में सिर्फ एक बार हारी है, जो उसकी बेहतरीन फॉर्म को दिखाता है। इस जीत के साथ नॉर्वे ने भी नॉकआउट में जगह बना ली। अब उसका मुकाबला ग्रुप में टाॅप स्थान तय करने के लिए फ्रांस से होगा।
अल्जीरिया ने वापसी कर जॉर्डन को हराया
ग्रुप-जे के एक अन्य मुकाबले में अल्जीरिया ने जॉर्डन को 2-1 से हराया। जॉर्डन ने पहले गोल कर बढ़त बनाई थी, लेकिन अल्जीरिया ने शानदार वापसी की। अमीन गुइरी ने बराबरी दिलाई, जबकि नधीर बेनबौली ने 82वें मिनट में विजयी गोल दागा। इस हार के साथ जॉर्डन का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया। वहीं अल्जीरिया की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बरकरार हैं। अब उसे अगले मैच में ऑस्ट्रिया के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।

