Fifa World Cup 2026: 48 टीम्स का फुटबॉल मेगा शो 175 देशों के फैन TV पर देखेंगे; भारत-चीन और पाकिस्तान में टेलिकास्ट नहीं होगा- वजह जानिए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. फुटबॉल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट यानी FIFA वर्ल्ड कप शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही हफ्ते बचे हैं, लेकिन दुनिया के कई बड़े देशों में अभी तक इसे LIVE दिखाने का इंतजाम नहीं हो पाया है। भारत, चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश, थाईलैंड और म्यांमार जैसे देशों में अभी तक कोई टीवी या डिजिटल ब्रॉडकास्ट कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है। इसका मतलब यह हो सकता है कि करोड़ों नहीं बल्कि अरबों लोग इस बार वर्ल्ड कप के मैच लाइव नहीं देख पाएंगे।
11 जून से शुरू होगा फीफा वर्ल्ड कप
इस बार वर्ल्ड कप 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में शुरू होगा। पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच मेक्सिको सिटी के मशहूर स्टेडियम एस्टाडियो में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें और 104 मैच होंगे।
फीफा का कहना है कि उसने दुनिया के 175 से ज्यादा देशों में LIVE मैच के राइट्स बेच दिए हैं, लेकिन भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन में अब भी किसी ब्रॉडकास्टर से कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है। इन दोनों देश में करीब 2.8 अरब आबादी है। एक मामला यह भी है कि चीन, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें इस वर्ल्ड कप में नहीं खेल रहीं, फिर भी वहां फुटबॉल देखने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है।

भारत में रिलायंस और डिज्नी ने 20 मिलियन डॉलर की देने की बात कही
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के सरकारी चैनल CCTV ने अभी तक फीफा से डील नहीं की है। पहले FIFA ने चीन के लिए ब्रॉडकास्टर से करीब 300 मिलियन डॉलर मांगे थे, बाद में कीमत आधी भी की गई, लेकिन फिर भी बात नहीं बनी। वहीं भारत में रिलायंस-डिज्नी से बतौर ब्रॉडकास्टर 100 मिलियन डॉलर की मांग की थी, लेकिन इस कंपनी ने करीब 20 मिलियन डॉलर की पेशकश की है।
यहां असली बात रुपयों की नहीं है, बल्कि टाइम की है। वर्ल्ड कप के ज्यादातर मैच अमेरिका और मेक्सिको के समय के हिसाब से होंगे, यानी भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन में मैच देर रात या सुबह के समय आएंगे। ऐसे में टीवी चैनल्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को ज्यादा विज्ञापन नहीं मिलेंगे।
इसी वजह से कंपनियां इतनी बड़ी रकम देने से बच रही हैं। भारत में एक और वजह क्रिकेट भी है। यहां के बड़े ब्रॉडकास्टर्स अपना पैसा IPL और महिला टी20 वर्ल्ड कप जैसे क्रिकेट टूर्नामेंट्स के लिए बचाकर रखना चाहते हैं, क्योंकि क्रिकेट से उन्हें ज्यादा कमाई होती है।

