इस सीजन 56 मैच में 36+ लाख दर्शक: FIFA WC में पहली बार ऐसा हुआ; 96 साल पहले एक मैच में सिर्फ 300 दर्शक पहुंचे थे, जानिए ऑलटाइम रिकॉर्ड
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इस बार FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अभी ग्रुप स्टेज के मैच खत्म भी नहीं हुए और दर्शकों का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बन गया है। इस वर्ल्ड कप में अब तक 36 लाख से ज्यादा दर्शकों ने स्टेडियम में जाकर मैच देखा है। हिस्ट्री में ऐसा पहली बार हुआ है। इस तरह 1994 FIFA वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड टूट गया है।
1994 सीजन में 3,587,538 दर्शकों ने मैच देखा था। तब टूर्नामेंट में फाइनल समेत 52 मैच हुए थे। जबकि इस बार यानी 2026 सीजन के ग्रुप स्टेज के 56वें मैच में यह रिकॉर्ड टूटा है।
एक मैच में सबसे ज्यादा दर्शक का रिकॉर्ड
यह तो ओवरऑल दर्शकों का रिकॉर्ड है। यदि मैच के हिसाब से बात करें तो सबसे ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी वाला मैच 16 जुलाई 1950 को हुआ था। यह मैच ब्राजील और उरुग्वे के बीच रियो डी जिनेरियो में खेला गया था। यह मैच देखने के लिए रिकॉर्ड 173,850 दर्शक पहुंचे थे।
यदि टॉप-5 रिकॉर्ड देखे जाएं तो इसमें शुरुआती 4 मैच ब्राजील के ही हैं और सभी रियो डी जिनेरियो में खेले गए। खास बात यह भी है कि यह सभी 4 मैच 1950 के FIFA वर्ल्ड कप में हुए थे।

एक मैच में सबसे कम दर्शक का रिकॉर्ड
यदि किसी एक मैच में सबसे कम दर्शकों की बात करें तो यह 96 साल पहले हुआ था। 1930 के FIFA वर्ल्ड कप में रोमानिया और पेरू के बीच मैच खेला गया था। मुकाबला उरुग्वे की राजधानी मोंटेवीडियो में हुआ था। इस मैच को देखने करीब 300 दर्शक ही स्टेडियम में पहुंचे थे।
ऑफिशियल रिकॉर्ड्स में दर्शकों की संख्या 2500 बताई गई है, लेकिन इतिहासकार ऐसा नहीं मानते हैं। वे मानते हैं कि इस मैच को देखने करीब 300 दर्शक ही पहुंचे थे। इसकी बड़ी वजह ठंडा मौसम और इंटरनेशनल ट्रेवल संबंधी परेशानियां थीं।
48 टीमें और 104 मैच
FIFA वर्ल्ड कप 2026 तीन देश अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की मेजबानी में खेला जा रहा है। यह टूर्नामेंट 11 जून से शुरू हुआ है, जिसका फाइनल 19 जुलाई को होगा। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब किसी एक FIFA वर्ल्ड कप में 48 टीमें खेल रही हैं।
पिछले वर्ल्ड कप में 32 टीमें थीं। सभी टीमों को 4-4 के हिसाब से 12 ग्रुप में बांटा गया है। इस बार फाइनल समेत 104 मैच खेले जाएंगे।

