तीन मिनट में दो गोल, फिर लास्ट मिनट पेनल्टी स्पॉट: दो गोल से पिछड़ी बेल्जियम ने सेनेगल से कैसे छीनी जीत, इंग्लैंड ने भी आखिरी मिनटों में की वापसी
Published:
4 min read

इंग्लैंड फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की कगार पर था, लेकिन कप्तान हैरी केन ने 2 गोल दागे और टीम को डीआर कांगो पर 2-1 की जीत दिला दी।।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में बुधवार (1 जुलाई) के तीन में से दो मुकाबले बेहद रोचक अंदाज में खत्म हुए। बेल्जियम ने 2 गोल से पिछड़ने के बाद सेनेगल को 3-2 से हराकर यादगार जीत दर्ज की। वहीं, इंग्लैंड ने भी एक गोल से पीछे होने के बावजूद आखिरी मिनटों में गोल कर डीआर कांगो को 2-1 से हरा दिया। दिन के तीसरे मुकाबले में अमेरिका ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए बोस्निया-हर्जेगोविना को 2-0 से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई।
बेल्जियम को एक्स्ट्रा टाइम के लास्ट मिनट में मिला पेनल्टी स्पॉट
बेल्जियम और सेनेगल के बीच खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही सेनेगल का दबदबा रहा। पहले हाफ में हबीब डियारा ने गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ की शुरुआत में इस्माइला सार ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच खत्म होने में सिर्फ पांच मिनट बाकी थे और लग रहा था कि सेनेगल आसानी से जीत जाएगा।
लेकिन इसके बाद बेल्जियम ने ऐसा खेल दिखाया जिसने सबको हैरान कर दिया। 86वें मिनट में रोमेलु लुकाकू ने गोल कर टीम की उम्मीदें जगा दीं। इसके कुछ ही देर बाद यूरी टिलेमांस ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया और मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया।

जब मैच पेनल्टी शूटआउट की ओर बढ़ रहा था, तभी एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी पलों में बेल्जियम को पेनल्टी मिली। वीडियो रिव्यू (VAR) के बाद रेफरी ने यह फैसला दिया। 125वें मिनट में टिलेमांस ने पेनल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम को 3-2 से जीत दिला दी। यह वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे देर से किए गए गोलों में से एक बन गया।
मैच के बाद टिलेमांस ने कहा कि टीम की इस शानदार वापसी का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। वहीं सेनेगल के कोच ने माना कि उनकी टीम ने जीत हाथ से जाने दी। बेल्जियम के कोच रूडी गार्सिया ने भी स्वीकार किया कि सेनेगल ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन उनकी टीम ने आखिर तक हार नहीं मानी।
हैरी केन ने 2 गोल किए
दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड को डीआर कांगो ने मैच के सातवें मिनट में ब्रायन सिपेंगा ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद इंग्लैंड लगातार बराबरी की कोशिश करता रहा।आखिरकार 75वें मिनट में कप्तान हैरी केन ने हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। फिर 86वें मिनट में केन ने गोल दागकर इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिला दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड अब मेजबान मेक्सिको से प्री-क्वार्टर फाइनल में भिड़ेगा। केन ने अपने वर्ल्ड कप गोल की संख्या 13 कर ली और इस मामले में ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले को पीछे छोड़ दिया। इंग्लैंड ने 60 साल बाद वर्ल्ड कप में ऐसा मैच जीता, जिसमें टीम शुरुआती गोल खाने के बाद वापसी कर विनर बनी।

2002 के बाद अमेरिका की पहली नॉकआउट जीत
दिन के तीसरे मुकाबले में अमेरिका ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। फोलारिन बालोगुन ने पहले हाफ में गोल कर अमेरिका को बढ़त दिलाई। हालांकि दूसरे हाफ में बालोगुन को VAR रिव्यू के बाद रेड कार्ड दिखा दिया गया, जिससे अमेरिका को करीब 40 मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
इसके बावजूद अमेरिकी टीम ने हार नहीं मानी। 82वें मिनट में मलिक टिलमैन ने शानदार फ्री-किक पर गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। यह 2002 के बाद अमेरिका की पहली नॉकआउट जीत रही। हालांकि रेड कार्ड मिलने की वजह से बालोगुन अब बेल्जियम के खिलाफ अगला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे।अब प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम का सामना अमेरिका से होगा।

