बाबर आजम के जन्मदिन पर फैन की दीवानगी: सिक्योरिटी तोड़कर ड्रेसिंग रूम तक पहुंचा युवक, बाबर से मिलने की जिद करता रहा; वायरल हो रहा वीडियो
Published:
3 min read

बाबर आजम से मिलने के लिए फैन ने तोड़ी सिक्योरिटी। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आजम भले ही लंबे अरसे से आउट ऑफ फॉर्म हों, लेकिन फैंस के बीच उनकी दीवानगी बरकरार है। पाकिस्तान में वे सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं। कल (15 अक्टूबर) उनके 31वें जन्मदिन इसी का एक उदाहरण मिला।
दरअसल, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैच सीरीज का पहला मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच के खत्म होने के बाद एक फैन पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम के बाहर चढ़कर बाबर से मिलने की जिद करने लगा।
फैन ने तोड़ी सिक्योरिटी
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक फैन सिक्योरिटी को चकमा देकर स्टेडियम की पहली मंजिल पर चढ़ गया। वह ड्रेसिंग रूम के बाहर पहुंचकर बोला कि उसे बाबर से मिलना है। पाकिस्तान के हेड कोच ने फैन को पीछे हटने के लिए कहा, लेकिन फैन जिद करता है। इसके बाद कोच ने सिक्योरिटी को बुलाया। वीडियो में सिक्योरिटी उस फैन को ड्रेसिंग रूम से बाहर ले जाते हुए भी नजर आ रही है। यह सब जब हो रहा था, तब बाबर ड्रेसिंग रूम के अंदर ही मौजूद थे।
फैंस ने किया जोरदार स्वागत
इस मुकाबले का एक और वीडियो भी सामने आ रहा है। इसमें फैन बाबर को बाहर बुलाने के लिए स्टैंड से आवाज लगा रहे हैं। पाकिस्तान टीम के सपोर्ट स्टाफ बाबर को बाहर लाते हैं। बाबर बाहर आकर फैंस को धन्यवाद देते हैं और फिर से ड्रेसिंग रूम में चले जाते हैं।
सुरक्षा चूक पर उठे सवाल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रेसिंग रूम में चढ़े फैन का नाम माजिद खान है। उसका किसी को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था। वह सिर्फ बाबर आजम को जन्मदिन की बधाई देना चाहता था। लेकिन इस घटना ने गद्दाफी स्टेडियम में सेफ्टी को लेकर बड़े सवाल उठा दिए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक इस मामले पर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
31 साल के हो गए बाबर
बाबर ने बुधवार (15 अक्टूबर) को अपना 31वां जन्मदिन मनाया। उनके फैंस की खुशी डबल हो गई क्योंकि पाकिस्तान ने दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इसी के साथ पाकिस्तान की वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) की भी शानदार शुरुआत हो गई। हालांकि इस मैच में बाबर कुछ खास परफॉर्मेंस नहीं दे पाए। उन्होंने पहली इनिंग में 23 और दूसरी इनिंग में 42 रन बनाए।
पाकिस्तान ने 93 रन से जीता मैच
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 378 रन बनाए। इमाम उल हक और सलमान अली आगा ने 93-93 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में साउथ अफ्रीका 269 रन पर सिमट गई। इस तरह पाकिस्तान को 109 रन की बढ़त मिली। दूसरी इनिंग में पाकिस्तान 167 रन ही बना सका। अफ्रीका को 277 रन का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम 183 रन पर ढेर हो गई। डेवाल्ड ब्रेविस ने 54 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पाकिस्तान ने यह मैच 93 रनों से अपने नाम किया। नोमान अली को 10 विकेट लेने पर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

