बाबर-रिजवान की कमी खलती है क्या: पाकिस्तानी क्रिकेटर का अजीब बयान, कहा- फैमिली को तो याद करते नहीं, उन्हें कहां से करेंगे
Published:
2 min read

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को एशिया कप 2025 के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। (सोशल मीडिया)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों UAE में ट्राई सीरीज खेल रही है। सीरीज में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को जगह नहीं मिली। दोनों को एशिया कप 2025 से भी बाहर कर दिया है। इसी बीच पाकिस्तानी प्लेयर फहीम अशरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा कि बाबर-रिजवान को मिस करते हैं या नहीं। इस पर उन्होंने अजीब सा बयान दिया।
अशरफ ने कहा कि हम यहां फैमिली को तो याद करते नहीं, उन्हें कहां से करेंगे। दरअसल, अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान टीम को एक मैच में 18 रन से हार मिली थी। इसके बाद अशरफ का यह बयान आया।
मैच में किसी को याद नहीं करते
सवाल था कि 170 रन का टारगेट चेज करते समय पाकिस्तान टीम ने बाबर-रिजवान को याद किया क्या? इस पर अशरफ ने कहा- मैच के दौरान सिर्फ मैच का याद होता है कि मैच में हमें कितना स्कोर चाहिए। कितनी बॉल चाहिए।
उन्होंने कहा- इधर बैठे हैं तो यहां हमें यादें आती हैं, घरवालों की भी याद आती है। लेकिन मैच के दौरान तो घरवालों की भी याद नहीं आती तो फिर आप हमारे कुलीग्स की बात कर रहे हैं। मैच में यही सोचते हैं कि पाकिस्तान को जीत दिलानी है और कैसे जीत दिलानी है।
सलमान अली आगा की कप्तानी में पाकिस्तान टीम फाइनल में पहुंच गई है। इस सीरीज में पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान और UAE की टीम हैं।
एशिया कप के लिए पाकिस्तानी टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन आफरीदी और सुफियान मुकीम।

