विराट ने ट्रेविस हेड से हाथ नहीं मिलाया: मैदान पर नोकझोंक का असर मैच के बाद दिखा; क्या है पूरा मामला
Published:
2 min read

RCB vs SRH मुकाबले के बाद विराट कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ नहीं मिलाया। यह पल कैमरे में कैद हुआ और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में शनिवार (22 मई) को खेले गए मुकाबले के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ट्रेविस हेड विराट कोहली की ओर हाथ आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं लेकिन कोहली उन्हें नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विराट का यह रिएक्शन मैच के दौरान ट्रेविस हेड से हुई नोकझोंक के असर के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, RCB की पारी के दौरान जब विराट कोहली आउट हुए थे, तो ट्रेविस हेड से उनकी बहस हो गई थी। बस इसी के चलते विराट गुस्सा हो गए, जिसका असर मैच के बाद कुछ इस तरह नजर आया।
पहले यह वीडियो देखें
विवाद कब हुआ..
RCB की पारी के तीसरे ओवर में विराट कोहली ट्रेविस हेड की ओर इशारा करते नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहली ने हेड को बॉलिंग करने के लिए कहा और इम्पैक्ट प्लेयर को लेकर कुछ इशारे भी किए। इस सीजन में हेड कई बार इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल हुए हैं।
हालांकि, कोहली बैट से ज्यादा देर टिक नहीं सके। वे 11 बॉल में 15 रन बनाकर साकिब हुसैन की स्लोअर बॉल पर आउट हो गए। इसके बाद ट्रेविस हेड ने भी जवाबी कमेंट किया। हेड ने कहा- तुम तो मेरे बॉलिंग करने से पहले ही आउट हो गए। इसी बात को लेकर दोनो में बहस हो गई।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टेबल टॉपर
मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 255 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 22 बॉल में 56 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने 44 बॉल में 79 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने 24 बॉल में 51 रन की इंनिग खेली। 256 रन के टारगेट का पीछा करते हुए RCB प्रेशर में बिखर गई। टीम 55 रन से मुकाबला हार गई।
हालांकि, बेहतर नेट रनरेट के कारण RCB पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही। SRH और गुजरात टाइटंस भी 18-18 पॉइंट्स पर रहे। नेट रनरेट के आधार पर RCB और GT टॉप-2 में पहुंचे।

