आज की भारतीय पिच पर सचिन–विराट भी नहीं टिक पाएंगे: हरभजन ने कहा- टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती खत्म हो रही
Published:
3 min read

विराट कोहली (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया की कोलकाता टेस्ट हार के बाद पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने भारतीय पिच की आलोचना की है। उनका कहना है कि इन मुश्किल पिच पर विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर को भी दिक्कत आएगी। उन्होंने दावा किया कि ऐसी पिचें टेस्ट क्रिकेट की असली खूबसूरती खत्म कर रही हैं।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच के ईडन गार्डन्स में खेला गया टेस्ट मैच सिर्फ तीन दिनों में खत्म हो गया था। टीम इंडिया को 30 रनों की हार मिली। इस हार के बाद भारतीय पिचों पर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
दोनो बैटर के लिए मुश्किल
हरभजन ने अपने यूट्यूब शो पर कहा-इन पिच पर बल्लेबाज के लिए खेलना बेहद मुश्किल हो गया है। चाहे दुनिया के महान बैट्समैन सचिन तेंदुलकर हों या विराट कोहली। इन पिचों पर कोई भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकता।

टेस्ट क्रिकेट की अहमियत खत्म हो रही है
हरभजन ने कहा- भारत में बनी पिचें अब टेस्ट क्रिकेट को खत्म कर रही हैं। उन्होंने इंग्लैंड की पिच का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां असली टेस्ट क्रिकेट देखने को मिला। वहां बाॅल और बैट के बीच बढ़िया मुकाबला हुआ।
भज्जी ने आगे कहा- टेस्ट क्रिकेट अब उस तरह का नहीं रह गया, जैसे पहले हुआ करता था। इंग्लैंड में मैच कमाल के थे। वहां की पिचें बेहतरीन थीं और टीम ने शानदार क्रिकेट खेला। पर यहां? ये पिचें बहुत खराब हैं।
बाॅल कहीं भी टर्न लेती है
हरभजन आगे कहा- भारत में जहां भी मैच होता है। बाॅल बिना वजह इधर-उधर टर्न लेती है। बल्लेबाज को पता ही नहीं चलता कि अगली बाॅल क्या करेगी। कोई ऊपर उछलती है, कोई नीचे रह जाती है। ऐसे में बैट्समैन की तकनीक का कोई मतलब नहीं रह जाता।हरभजन के मुताबिक- यह बात नई नहीं है। पिछले कई साल से पिचें ऐसी ही बन रही हैं। इससे टेस्ट क्रिकेट को बड़ा नुकसान हो रहा है।
)
बल्लेबाज की टेक्निक पर सवाल
हरभजन ने आगे कहा- बैटर की टेक्निक का कोई रोल ही नहीं बचा है। आप चाहे कितने अच्छे बल्लेबाज हों। सचिन हों या विराट, ऐसी पिचों पर टिकना नामुमकिन है।
भारत की पिच खुद के लिए दिक्कत
भारतीय पिच पर सवाल इसलिए भी बढ़ रहे हैं क्योंकि नवंबर 2024 से टीम इंडिया लगातार स्पिनिंग ट्रैक्स पर स्ट्रगल कर रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। 2025 में साउथ अफ्रीका से सीरीज में टीम इंडिया 0-1 पीछे है।

