Women’s T20I WC 2026: साउथ अफ्रीका को हराकर इंग्लैंड फाइनल में, ऑस्ट्रेलिया से होगा मुकाबला; खिताबी भिड़ंत में चौथी बार आमना-सामना होगा
Published:
3 min read

इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 40 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हरा दिया। इसी के साथ फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। एक बार फिर महिला क्रिकेट की दो सबसे बड़ी टीमें यानी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच ही फाइनल खेला जाएगा। 5 जुलाई को लॉर्ड्स में दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड चौथी बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें 3 बार फाइनल में भिड़ चुकी हैं,
साउथ अफ्रीका को 40 रन से हराया
गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। ऐसे समय में कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने जिम्मेदारी संभाली। चोट से वापसी कर रहीं साइवर-ब्रंट ने शानदार 75 रन बनाए, जबकि पूर्व कप्तान हीदर नाइट ने 58 रन की अहम पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की, जिससे इंग्लैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी।

प्लेयर ऑफ द मैच बनीं नेट साइवर-ब्रंट
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बनीं नेट साइवर-ब्रंट ने कहा कि चोट के बाद वापसी करते समय वह काफी इमोशनल और नर्वस थीं। उन्होंने बताया कि साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज मारिजाने कैप और शबनिम इस्माइल दुनिया की बेहतरीन गेंदबाज हैं, इसलिए उन्होंने और हीदर नाइट ने शुरुआत में संभलकर खेलने का फैसला किया। दोनों ने अपने अनुभव का इस्तेमाल किया और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी टीम हर विभाग में इंग्लैंड से पीछे रही। उनके मुताबिक 170 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार योजना के साथ गेंदबाजी की और उनकी बल्लेबाजी दबाव में बिखर गई।
अब फाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खास बात यह है कि दोनों टीमें टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी छह मैच जीत चुकी हैं और बिना कोई मुकाबला हारे फाइनल में पहुंची हैं।

यह वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चौथा मौका होगा जब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया फाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2012, 2014, 2018 और के फाइनल में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी। इन मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार खिताब जीता था।

