मेसी को रोकने के लिए इंग्लैंड का खास प्लान: सेमीफाइनल के लिए अटलांटा में 1600 पुलिसकर्मी तैनात; स्टेडियम में भड़काऊ मैसेज वाले झंडे-पोस्टर बैन
Published: Updated:
4 min read

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच आज (15 जुलाई) रात खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला बुधवार (15 जुलाई) को रात 12.30 बजे से खेला जाएगा। यह दूसरा सेमीफाइनल होगा, जिसमें इंग्लैंड और अर्जेंटीना की टीमें आमने-सामने होंगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अमेरिका के अटलांटा में होगा, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अटलांटा पुलिस ने साफ कहा है कि मैच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।
इसके लिए करीब 1600 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पहली बार इस वर्ल्ड कप में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के फैंस को स्टेडियम में अलग-अलग गेट से एंट्री दी जाएगी, ताकि दोनों देश के फैन्स के बीच किसी तरह का विवाद न हो। इसी बीच इंग्लैंड और अर्जेंटीना के कोच के भी बयान आए हैं। इंग्लिश कोच ने कहा है कि वे हर कीमत पर मेसी को रोकेंगे। इसके लिए खास प्लान तैयार किया है।
भड़काऊ मैसेज वाले झंडे, पोस्टर बैन
FIFA के नियमों के मुताबिक- स्टेडियम के अंदर दोनों टीमों के फैंन्स साथ बैठ सकेंगे। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि कोई भी दर्शक पॉलिटिकल या भड़काऊ मैसेज वाले झंडे, पोस्टर या बैनर लेकर स्टेडियम में नहीं जा सकेगा। खास तौर पर फॉकलैंड (माल्विनास) टापू से जुड़े विवादित मैसेज पर पूरी तरह रोक रहेगी। अटलांटा पुलिस ने FBI और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे सुरक्षा प्लान को तैयार किया है।

मेसी इस वर्ल्ड कप में 8 गोल कर चुके
वहीं, इंग्लैंड के हेड कोच थॉमस टचेल भी इस मुकाबले को लेकर पूरी तैयारी में हैं। उनकी सबसे बड़ी दिक्कत अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी हैं, जो इस वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। मेसी अब तक 8 गोल और 2 असिस्ट कर चुके हैं। वे गोल्डन बूट की दौड़ में किलियन एम्बाप्पे के साथ बराबरी पर हैं।

मैन-मार्किंग स्ट्रेटेजी पर भी प्लान
टचेल ने मंगलवार को मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस कहा- मेसी को रोकने के लिए पुराने दौर की मैन-मार्किंग स्ट्रेटेजी का भी प्लान बनाया है। यानी एक खिलाड़ी पूरे मैच में सिर्फ मेसी को ही रोकने के लिए रहेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी इस रणनीति पर आखिरी फैसला नहीं हुआ है। उनके मुताबिक मेसी ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैदान पर बाकी खिलाड़ियों से पहले खेल को समझ लेते हैं और अगर उनकी एक चाल रोक भी दी जाए तो वह तुरंत नया रास्ता निकाल लेते हैं।
इंग्लैंड टीम ने अर्जेंटीना के खेल का अच्छी तरह से एनालिसिस किया है, लेकिन मेसी को पूरी तरह रोकना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा वर्ल्ड कप चैंपियन अर्जेंटीना और मेसी के खिलाफ खेलना हर खिलाड़ी के लिए खास एक्सपीरियंस होता है।
टचेल ने आगे कहा- उनकी टीम पुराने इंग्लैंड-अर्जेंटीना विवाद या इतिहास को लेकर नहीं सोच रही है। उनके मुताबिक खिलाड़ियों का पूरा ध्यान सिर्फ फाइनल में जगह बनाने पर है। उन्होंने कहा कि टीम अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह तैयार है और जीत की भूखी है।

इंग्लिश कोच ने कहा- हमारी टीम लगभग पूरी तरह फिट है। सिर्फ जॉर्डन हेंडरसन चोट की वजह से बाहर हैं, जबकि जैरेल क्वांसा सस्पेंशन के कारण नहीं खेल पाएंगे। टचेल ने अपनी टीम के अब तक के सफर को भी मुश्किल बताया। नॉकआउट मुकाबलों में टीम ने कई मुश्किल हालात का सामना किया, लेकिन हर बार वापसी की। अब इंग्लैंड की नजर अर्जेंटीना को हराकर फाइनल में पहुंचने पर है।
अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का बयान
वहीं इस सेमीफाइनल से पहले अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने अपनी टीम को मैसेज दिया है। उनका कहना है कि फाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ जज्बा काफी नहीं होगा, बल्कि टीम को अपनी पहचान वाला अटैकिंग गेम भी खेलना होगा।
स्कालोनी ने कहा- टीम में जीत की चाह और जुनून की कोई कमी नहीं है, लेकिन सबसे बड़ी ताकत हमेशा बॉल पर कंट्रोल रखना ही रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के अनुभवी खिलाड़ी सेमीफाइनल में अपना बेस्ट परफॉर्मेंस देंगे।

