स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच: जो रूट कप्तान; ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच बोले- बेन स्टोक्स एशेज 2027 में लौट सकते हैं
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने टेस्ट टीम का नया हेड कोच न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को बनाया है। जबकि जो रूट को दूसरी बार टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी है। फ्लेमिंग पूर्व टेस्ट कोच ब्रेंडन मैक्कुलम की जगह लेंगे। दूसरी ओर बेन स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के चलते रूट को कप्तान बनाया गया।
मैक्कुलम इंग्लैंड की लिमिटेड ओवर टीम (ODI, T20I) के कोच बने रहेंगे। फ्लेमिंग इस साल के आखिर में टीम से जुड़ेंगे। तब तक पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू होने वाली 3 टेस्ट की सीरीज में मार्कस ट्रेस्कोथिक हेड कोच की भूमिका निभाएंगे।
रूट दूसरी बार कप्तान
35 साल के जो रूट इससे पहले 2017 से 2022 के बीच 64 टेस्ट में इंग्लैंड की कप्तानी कर चुके हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में भी उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। टेस्ट क्रिकेट में रूट के नाम 14,000 से ज्यादा रन हैं। वह सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं।
रूट ने कहा- इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी दोबारा मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। यह जिम्मेदारी आसान नहीं है, लेकिन मैं इसे निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। मैं खिलाड़ियों के साथ मिलकर टीम को आगे ले जाने का इंतजार कर रहा हूं।
रूट ने नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग की भी तारीफ की। उन्होंने कहा- फ्लेमिंग एक बेहतरीन लीडर हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।

मजबूत टीम बनाने पर फोकस
53 साल के स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा- हमारा लक्ष्य सिर्फ अभी मैच जीतना नहीं है, बल्कि ऐसी टीम तैयार करना है जो लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करे।"
उन्होंने जो रूट की तारीफ करते हुए कहा- रूट बेहतरीन कप्तान और शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन मुझे लगता है कि उनके अंदर अभी काफी क्रिकेट बाकी है। मैं चाहता हूं कि वह कप्तानी का पूरा आनंद लें और इस नई जिम्मेदारी में खुद को और बेहतर साबित करें।
फ्लेमिंग इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 बार IPL चैंपियन बना चुके हैं। ECB ने भी उन्हें दुनिया के सबसे सम्मानित क्रिकेट कोच में से एक बताया है।
मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब ने क्या कहा?
इंग्लैंड क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने कहा कि स्टीफन फ्लेमिंग जैसे अनुभवी कोच के आने से टीम को फायदा मिलेगा। उन्हें भरोसा है कि फ्लेमिंग इंग्लैंड की इस युवा टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और लंबे समय तक जीत दिलाने वाली टीम तैयार करेंगे।

मैकडोनाल्ड को स्टोक्स की वापसी की उम्मीद
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने उम्मीद जताई है कि बेन स्टोक्स अगले साल होने वाली एशेज 2027 के लिए संन्यास से वापसी कर सकते हैं। उन्होंने इसे क्रिकेट की सबसे बड़ी 'फेयरीटेल' कहानी बताया।
मैकडोनाल्ड ने कहा- अगर स्टोक्स संन्यास से लौटकर एक और एशेज खेलते हैं, तो इससे बड़ी कहानी शायद ही कोई होगी। इससे सीरीज का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।
स्टोक्स के अंदर अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है। इंग्लैंड के नए हेड कोच को स्टोक्स से बातचीत कर उनकी वापसी की संभावना जरूर तलाशनी चाहिए। स्टोक्स ने किन कारणों से संन्यास लिया, इसकी पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलना या नहीं, इसका फैसला पूरी तरह स्टोक्स पर ही निर्भर करेगा।
स्टोक्स का संन्यास
स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इससे पहले लंदन के एक नाइटक्लब में हुई घटना के बाद वह और गस एटकिंसन विवादों में आ गए थे। दोनों को दूसरे टेस्ट से पहले बैन किया गया था। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद दोनों को सिर्फ चेतावनी देकर टीम में वापस शामिल कर लिया गया।
ये भी पढ़ें: हॉकी टीम की केसरिया जर्सी पर प्रियंका गांधी को आपत्ति: कहा- यूनिफॉर्म बदलें या इतिहास, भारत की युवा पीढ़ी जवाब दे चुकी
शॉर्ट बॉल पर हर कोई आउट होता है: वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में अश्विन, कहा- रिकी पोंटिंग भी बाउंसर पर आउट हुए
क्या शमी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे बंद?: इस रणजी सीजन में 37 विकेट लेकर भी नहीं मिली जगह, दावा- 15 पेसर्स के कोर ग्रुप में भी नहीं

