WTC में इंग्लैंड टीम के 12 पॉइंट्स काटे: स्लो ओवर रेट के चलते खिलाड़ियों पर 50% फाइन; न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में 253 रन से हराया
Published:
3 min read

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 3 टेस्ट की सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है। तीसरा यानी आखिरी टेस्ट 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 253 रन की हार के बाद इंग्लैंड टीम को एक और नुकसान उठाना पड़ा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने स्लो ओवर रेट (Slow Over Rate) के चलते वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 12 पाॅइंट्स काट दिए हैं। इस सजा से इंग्लैंड टीम को WTC के फाइनल में पहुंचने के लिए मुश्किल हो सकती है।
खिलाड़ियों पर मैच फीस का 50% फाइन
इसके साथ ही खिलाड़ियों पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है। फिलहाल, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है।
ICC के मुताबिक- मैच में इंग्लैंड टीम समय पर पूरे ओवर नहीं कर सकी थी। वो 12 ओवर पीछे थी। इसी वजह से टीम पर यह कार्रवाई की गई। नियमों के मुताबिक- कोई टीम तय समय में जितने ओवर कम फेंकती है, उतने ही WTC पाॅइंट्स काटे जाते हैं। साथ ही खिलाड़ियों पर फाइन भी लगाया जाता है।

इंग्लैंड के WTC पॉइंट्स घटकर 38 हुए
फाइन के बाद इंग्लैंड के WTC पॉइंट्स 50 से घटकर 38 रह गए हैं। टीम अभी भी पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर है। हालांकि पाॅइंट्स प्रतिशत 34.72 से गिरकर 26.38 हो गया है। इससे फाइनल की रेस में उसकी स्थिति और कमजोर हो गई है।
इंग्लैंड टीम पर यह फाइन ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने सुनाया है। दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान रहे जो रूट ने गलती स्वीकार कर ली और सजा मान ली। ऐसे में इस मामले में किसी सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। फील्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक, नितिन मेनन, थर्ड अंपायर रॉड टकर और फोर्थ अंपायर ग्राहम लॉयड ने इंग्लैंड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।

रूट ने 14000 रन पूरे किए
हालांकि यह टेस्ट मैच जो रूट के लिए खास भी रहा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 14,000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले दूसरे प्लेयर बने। उनसे आगे अब केवल भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं।
इंग्लैंड के लिए राहत की खबर यह है कि सीरीज के तीसरे टेस्ट में बेन स्टोक्स की वापसी होगी। स्टोक्स पहले टेस्ट के बाद टीम के कर्फ्यू नियम तोड़ने के कारण दूसरे मैच से बाहर रहे थे। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन भी टीम में लौट आए हैं।

