इंग्लैंड क्रिकेटर्स पर शराब के ओवरडोज का आरोप: एशेज के बीच 5 दिन पार्टी, सीरीज हारने के बाद जांच शुरू
Published: Updated:
3 min read

एशेज सीरीज 2025 के शुरुआती दो टेस्ट हारने के बाद इंग्लिश टीम प्रैक्टिस करने के बजाय छुट्टी पर चली गई। आरोप है कि इस दौरान खिलाड़ियों ने काफी शराब पी।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पांच टेस्ट की एशेज सीरीज खेल रही है। उसने शुरुआती 3 टेस्ट हारने के साथ ही सीरीज भी गंवा दी है। इसी बीच इंग्लैंड टीम पर शराब के ओवरडोज और पार्टी करने का गंभीर आरोप लगा हैं। सीरीज हारने के बाद इंग्लैेंड क्रिकेट बोर्ड ने इसकी जांच भी शुरू कर दी है।
बड़ी बात यह भी है कि बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम सीरीज के पहले तीन टेस्ट सिर्फ 11 दिन में हारी है। इसकी आलोचना भी हुई। BBC की रिपोर्ट ने इंग्लिश टीम की तैयारियों पर सवाल उठाए। इसके मुताबिक, पहले दो टेस्ट हारने के बाद टीम प्रैक्टिस करने के बजाय छुट्टी पर चली गई थी। खिलाड़ियों को नूसा बीच पर पार्टी करते देखा गया। आरोप है कि इंग्लिश प्लेयर्स ने एशेज के बीच लगातार 5 दिन पार्टी की। इस बीच इंग्लैंड के टीम डायरेक्टर रॉब की ने इस पर सफाई दी।
खिलाड़ियों को बिजी शेड्यूल में ब्रेक की जरूरत
इंग्लैंड टीम के डायरेक्टर रॉब की ने इस मामले में अपने प्लेयर्स का सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने बिजी शेड्यूल के दौरान खुद को फ्रेश रखने के लिए ब्रेक की जरूरत होती है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर ज्यादा शराब पीने की रिपोर्ट सही पाई जाती हैं, तो जांच होगी। अगर ब्रेक पार्टी में बदल गया, तो यह मंजूर नहीं होगा और इसे गंभीरता से लिया जाएगा। एक इंटरनेशनल टीम से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती है।
रनिंग के लिए सिर्फ 3 खिलाड़ी पहुंचे
BBC की रिपोर्ट में दावा किया गया कि कुछ खिलाड़ियों ने तो लगातार 6 दिनों तक ड्रिंक किया। नूसा में छुट्टियों के दौरान फिटनेस कोच पीट सिम ने सुबह 7:45 बजे रनिंग के लिए बुलाया। इस सेशन में केवल तीन खिलाड़ी पहुंचे। इनमें जैमी स्मिथ, शोएब बशीर और जॉश टंग शामिल थे। बाकी खिलाड़ी मौजूद नहीं थे।
2015 के बाद एशेज नहीं जीत पाया इंग्लैंड
इंग्लैंड ने आखिरी बार एशेज 2015 में जीती थी। इसके बाद से ऑस्ट्रेलिया में टीम का प्रदर्शन लगातार खराब रहा है। इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया में 18 टेस्ट से जीत नहीं सकी है। इसमें 16 हारे और दो ड्रॉ रहे हैं। यह ऑस्ट्रेलिया में किसी भी टीम के लिए जीत का सबसे लंबा इंतजार है। इंग्लैंड के लिए यह इंतजार अब भी जारी है।
चौथे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया है। तीसरे टेस्ट के बाद चोट के कारण पैट कमिंस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टीव स्मिथ कप्तानी करेंगे। नाथन लायन भी चोट के चलते बाहर हैं।
ऑस्ट्रेलिया की टीम
स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डोगेट, कैमरन ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, झाय रिचर्डसन, मिचेल स्टार्क, जैक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर।

